Top NewsUttar Pradesh

अजय राय ने CM योगी के खिलाफ दायर किया मानहानि का केस, मछली खाने वाली टिप्पणी को बनाया आधार

लखनऊ| उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ लखनऊ की सिविल कोर्ट में मानहानि का मुकदमा दायर किया है। मामला अयोध्या में आयोजित निषाद सम्मेलन के दौरान अजय राय के मछली खाने को लेकर की गई टिप्पणी से जुड़ा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का आरोप है कि मुख्यमंत्री ने उनके बारे में बिना किसी ठोस आधार के टिप्पणी की, जिससे उनकी सामाजिक छवि प्रभावित हुई। अजय राय का कहना है कि वह शाकाहारी हैं और इसके बावजूद उन्हें मछली खाने से जोड़कर बयान दिया गया।

अयोध्या के कार्यक्रम से जुड़ा है मामला

कांग्रेस के मुताबिक, अजय राय 23 अगस्त को अयोध्या पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने राम जन्मभूमि और हनुमानगढ़ी में दर्शन किए। इसी बीच राम निहाल निषाद की ओर से आयोजित निषाद सम्मेलन में वह पहुंचे थे, जहां मत्स्य भोज का आयोजन किया गया था। कांग्रेस का कहना है कि अजय राय कार्यक्रम में मौजूद जरूर थे, लेकिन उन्होंने मछली नहीं खाई। इसके बावजूद उनके मछली खाने को लेकर सार्वजनिक तौर पर टिप्पणी की गई।

अजय राय बोले- बयान से प्रतिष्ठा को नुकसान

अजय राय ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के बयान का उनके सामाजिक और राजनीतिक जीवन पर प्रतिकूल असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि इस टिप्पणी के कारण उन्हें मानसिक परेशानी का भी सामना करना पड़ा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने इसी आधार पर अदालत में आपराधिक मानहानि का मामला दाखिल किया है। उनका कहना है कि किसी व्यक्ति के बारे में सार्वजनिक मंच से बिना प्रमाण कोई टिप्पणी करना उसकी प्रतिष्ठा को प्रभावित कर सकता है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH