पंजाब सरकार ने ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ के चौथे सत्र की तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर खेलों की तैयारियों की समीक्षा की। प्रतियोगिता का शुभारंभ 5 सितंबर को बठिंडा स्थित शहीद भगत सिंह स्टेडियम से होगा, जबकि समापन 29 नवंबर को पटियाला में किया जाएगा।
इस बार करीब 10 लाख खिलाड़ी 38 खेलों में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिताओं का आयोजन पंजाब के सभी 153 ब्लॉकों और 23 जिलों में किया जाएगा, जबकि राज्य स्तरीय मुकाबले 16 जिलों में होंगे। खिलाड़ियों के लिए 14 वर्ष से लेकर 70 वर्ष से अधिक आयु तक के नौ आयु वर्ग बनाए गए हैं।
इस सत्र की खासियत पहली बार चार पैरा खेलों को प्रतियोगिता में शामिल किया जाना है। इनमें एथलेटिक्स, पावरलिफ्टिंग, बैडमिंटन और व्हीलचेयर बास्केटबॉल शामिल हैं। इसके अलावा लड़कों और लड़कियों दोनों के लिए टेनिस बॉल क्रिकेट को पहली बार प्रदर्शनी खेल के रूप में शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि खिलाड़ियों के पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी तरह नि:शुल्क और आसान बनाई गई है। खेल विभाग ने पहली बार क्यूआर कोड आधारित पंजीकरण की सुविधा शुरू की है, जिसके माध्यम से खिलाड़ी किसी भी समय और कहीं से भी करीब 15 सेकंड में अपना पंजीकरण कर सकेंगे। पंजीकरण खेल विभाग की वेबसाइट के जरिए भी किया जा सकता है। राज्य स्तरीय मुकाबलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे। स्वर्ण पदक विजेता को 10 हजार रुपये, रजत पदक विजेता को 7 हजार रुपये और कांस्य पदक विजेता को 5 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ का मुख्य उद्देश्य गांवों, कस्बों और शहरों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाना और उन्हें अपनी क्षमता साबित करने का मंच उपलब्ध कराना है। सरकार का लक्ष्य राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत करते हुए युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर देना है।




