Top NewsUttar Pradesh

वाराणसी-दिल्ली फ्लाइट की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग, कार्गो कंपार्टमेंट में धुएं का अलार्म बजने से मचा हड़कंप

लखनऊ: वाराणसी से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट को गुरुवार सुबह एहतियातन लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा। विमान में तकनीकी समस्या के बाद कार्गो कंपार्टमेंट में धुएं का अलार्म सक्रिय हो गया था। इसके बाद विमान की लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। विमान के उतरने के बाद तकनीकी टीम ने इसकी जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट AIX 1253 ने सुबह करीब 8 बजे वाराणसी से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान विमान में तकनीकी समस्या सामने आई। कार्गो कंपार्टमेंट से जुड़े धुएं के अलार्म के बाद पायलट और क्रू ने एहतियाती कदम उठाते हुए विमान को लखनऊ की ओर मोड़ने का फैसला किया।

लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा विमान

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए फ्लाइट को तकनीकी समस्या के कारण लखनऊ डायवर्ट किया गया। विमान ने लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान के एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद यात्रियों को बाहर निकालकर उन्हें रिफ्रेशमेंट उपलब्ध कराया गया। साथ ही विमान की तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि समस्या की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।

यात्रियों को दिल्ली पहुंचाने के लिए दूसरे विमान की तैयारी

एयर इंडिया एक्सप्रेस के मुताबिक, विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। यात्रियों को उनकी निर्धारित मंजिल दिल्ली तक पहुंचाने के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है। कंपनी ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा है कि उनकी सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। फिलहाल तकनीकी टीम विमान की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कार्गो कंपार्टमेंट में धुएं का अलार्म किस वजह से सक्रिय हुआ था।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH