NationalTop News

2 करोड़ की ‘हनुमान अंश’ ने कमाए 85 करोड़ से ज्यादा, अब उत्तराखंड में हुई टैक्स फ्री CM धामी ने की जमकर तारीफ

छोटे बजट में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से कहीं ज्यादा शानदार प्रदर्शन कर रही है। महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने रिलीज के 30 दिनों में 85 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है। फिल्म की इस चौंकाने वाली सफलता के बीच उत्तराखंड सरकार ने इसे राज्य में टैक्स फ्री करने का ऐलान किया है। फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने हाल ही में बताया था कि रिलीज से पहले कई ओटीटी प्लेटफॉर्म ने फिल्म को खरीदने में दिलचस्पी नहीं दिखाई थी। हालांकि, सिनेमाघरों में रिलीज के बाद फिल्म की कमाई ने सभी को हैरान कर दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म रोजाना की कमाई के मामले में सुपरस्टार यश की ‘टॉक्सिक’ को भी टक्कर दे रही है।

CM धामी ने सिनेमाघर में देखी फिल्म

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को अपनी पत्नी गीता धामी, कैबिनेट सहयोगियों और कई विधायकों के साथ देहरादून के एक सिनेमाघर में ‘हनुमान अंश’ देखी। फिल्म देखने के बाद उन्होंने इसे उत्तराखंड में टैक्स फ्री करने की घोषणा की। सीएम धामी ने सोशल मीडिया पर फिल्म की तारीफ करते हुए कहा कि ‘हनुमान अंश’ उत्तराखंड की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने वाली फिल्मों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

नीम करौली बाबा की कहानी से प्रभावित हुए CM

सीएम धामी ने फिल्म में नीम करौली बाबा के जीवन और उनकी हनुमान भक्ति को प्रमुखता से दिखाए जाने की सराहना की। उन्होंने कहा कि बाबा का जीवन मानव सेवा, समाज कल्याण और आध्यात्मिक समर्पण का संदेश देता है। मुख्यमंत्री ने फिल्म की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि कैंची धाम आज दुनियाभर में आस्था और श्रद्धा के प्रमुख केंद्रों में शामिल हो चुका है। उनके मुताबिक, ऐसी फिल्में उत्तराखंड की आध्यात्मिक पहचान को व्यापक स्तर पर सामने लाने में मदद करती हैं।

क्या है ‘हनुमान अंश’ की कहानी?

विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन और लेखन में बनी ‘हनुमान अंश’ की कहानी लक्ष्मी नारायण नाम के एक युवक के इर्द-गिर्द घूमती है। मां की मौत के बाद वह गहरे सदमे में चला जाता है और जीवन के सवालों के जवाब तलाशने के लिए आध्यात्मिक यात्रा पर निकल पड़ता है। उत्तर भारत की इस यात्रा के दौरान वह संत नीम करौली बाबा के जीवन और विचारों से जुड़ता है। फिल्म में प्रेम, सेवा, भक्ति और मानव कल्याण को केंद्र में रखते हुए उनकी आध्यात्मिक यात्रा को दिखाया गया है। फिल्म में शोभिनव सत्य मुख्य भूमिका में हैं। उनके अलावा पूर्णिमा तिवारी, विहान शेडगे, चंदन के आनंद और अनिल रस्तोगी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH