Top NewsUttar Pradesh

कानपुर में कच्चा मकान भरभरा कर गिरा, पिता और तीन बेटियों की मौत, एक की हालत गंभीर

 

कानपुर: घाटमपुर थाना क्षेत्र के हिरनी गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां अचानक एक कच्चा मकान ढहने से एक ही परिवार के पांच लोग मलबे में दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और बचाव दल ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

काफी मशक्कत के बाद मलबे में फंसे सभी पांच लोगों को बाहर निकाला गया और पतारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक युवती की गंभीर हालत को देखते हुए उसे कानपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया।

हादसे में पिता और तीन बेटियों की मौत

मृतकों की पहचान 45 वर्षीय मुकेश, उनकी बेटियों 16 वर्षीय माया, 12 वर्षीय नीतू और 7 वर्षीय पल्लवी के रूप में हुई है। वहीं, 19 वर्षीय काजल हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई हैं। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए कानपुर जिला अस्पताल भेज दिया।

घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। मकान गिरने की वजह क्या रही, इसे लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH