NationalTop News

BRICS Summit 2026: नई दिल्ली में आज दूसरे दिन भी कूटनीतिक हलचल तेज, PM मोदी की अहम मुलाकातों पर नजर

नई दिल्ली में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन का आज दूसरा दिन है। भारत मंडपम में दुनिया के प्रमुख नेताओं की मौजूदगी के बीच अहम बैठकों और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा का दौर जारी रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ होने वाली मुलाकातों पर खास नजर रहेगी। इन बैठकों में द्विपक्षीय संबंधों, व्यापार, निवेश और वैश्विक चुनौतियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

पहले दिन भारत को मिली बड़ी कूटनीतिक कामयाबी

BRICS सम्मेलन के पहले दिन सदस्य देशों ने नई दिल्ली घोषणा-पत्र को मंजूरी दी। इस घोषणा-पत्र में आतंकवाद के खिलाफ कड़ा संदेश दिया गया है। 22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले की भी स्पष्ट शब्दों में निंदा की गई है। घोषणा-पत्र में आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर जोर दिया गया है। साथ ही आतंकियों, उनके सहयोगियों और उन्हें पनाह देने वालों को जवाबदेह ठहराने की आवश्यकता पर बल दिया गया है। भारत के लिए इसे आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक समर्थन के लिहाज से अहम उपलब्धि माना जा रहा है।

PM मोदी और शी जिनपिंग की मुलाकात रही चर्चा में

सम्मेलन के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच करीब 50 मिनट तक बातचीत हुई। बैठक में दोनों देशों के संबंधों को बेहतर बनाने और सीमा पर शांति एवं स्थिरता बनाए रखने पर जोर दिया गया। दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि भारत और चीन के बीच मौजूद मतभेदों को विवाद का रूप नहीं लेने देना चाहिए। इस मुलाकात को दोनों देशों के रिश्तों में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के तौर पर देखा गया।

पुतिन के साथ रणनीतिक साझेदारी पर बातचीत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच रणनीतिक साझेदारी, आपसी सहयोग और द्विपक्षीय संबंधों से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। भारत और रूस के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को और मजबूत करने पर भी बातचीत केंद्रित रही।

गाला डिनर में दिखी भारतीय संस्कृति की झलक

BRICS सम्मेलन के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सदस्य देशों के नेताओं के लिए भारत मंडपम में विशेष गाला डिनर का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत कई राष्ट्राध्यक्ष और शासनाध्यक्ष शामिल हुए। डिनर में भारतीय खान-पान और संस्कृति की झलक देखने को मिली। इस दौरान मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने किशोर कुमार का गीत गाकर महफिल में रंग जमा दिया। उनके गायन ने गाला डिनर के माहौल को खास बना दिया।

आज समावेशी वैश्विक विकास पर होगा मंथन

BRICS सम्मेलन के दूसरे दिन ओपन सेशन में समावेशी वैश्विक विकास के मुद्दे पर चर्चा होगी। बदलते वैश्विक हालात के बीच विकासशील देशों की आवाज को मजबूत करने, आर्थिक सहयोग बढ़ाने और नवाचार के जरिए विकास को गति देने पर विचार-विमर्श किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी की विभिन्न देशों के नेताओं के साथ प्रस्तावित बैठकों में व्यापार, निवेश, रणनीतिक सहयोग, क्षेत्रीय शांति और अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों पर चर्चा होने की उम्मीद है। सम्मेलन के दूसरे दिन होने वाली बातचीत से भारत की कूटनीतिक प्राथमिकताओं और BRICS के भविष्य की दिशा को लेकर महत्वपूर्ण संकेत मिलने की संभावना है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH