अयोध्या। देश के प्रमुख साधु-संतों और धार्मिक गुरुओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के पावन अवसर पर उन्हें अपनी शुभकामनाएं और आशीर्वाद प्रेषित किया है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र और श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष परमपूज्य महंत नृत्य गोपाल दास जी महाराज ने अयोध्या धाम की पावन धरती से पत्र भेजकर प्रधानमंत्री को हार्दिक बधाई दी।
अपने संदेश में उन्होंने प्रभु श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण से प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु, यश, शक्ति और राष्ट्रसेवा के सामर्थ्य की प्रार्थना करते हुए कहा कि वे इसी प्रकार पूर्ण निष्ठा व समर्पण के साथ मातृभूमि की सेवा में निरंतर आगे बढ़ते रहें। उन्होंने “शतायु भव:, यशस्वी भव:, मंगलमस्तु” के साथ प्रधानमंत्री को अपना कोटि-कोटि मंगल आशीर्वाद प्रदान किया।
इसी क्रम में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव एवं श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के उपाध्यक्ष परम पूज्य गोविंददेव गिरि जी महाराज ने भी माननीय प्रधानमंत्री जी को जन्मदिवस पर शुभकामनाएं दीं और देश के विकास व जनकल्याण के लिए उनके प्रयासों की सराहना की।
इसके अलावा कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम जी महाराज, परम पूज्य सुधांशु जी महाराज और परम पूज्य दाती महाराज (शनि धाम) ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को उनके जन्मदिवस पर हार्दिक बधाई एवं अनंत मंगलकामनाएं दीं तथा ईश्वर से उनके दीर्घायु व समृद्ध जीवन की प्रार्थना की।








