Top NewsUttar Pradesh

अयोध्या में दीपोत्सव से पहले नई सौगात, सरयू किनारे आकर ले रहा सांस्कृतिक केंद्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप अयोध्या में दीपोत्सव को और भव्य बनाने के साथ-साथ पर्यटन सुविधाओं का भी लगातार विस्तार किया जा रहा है। दीपोत्सव में जब लाखों दीपों से अयोध्या जगमगाएगी, उसी दौरान सरयू किनारे एक नया पर्यटन आकर्षण भी पर्यटकों का स्वागत करने को तैयार होगा। राजघाट के पास 22.72 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहे इस टूरिज्म हब में एम्फीथिएटर, फूड प्लाजा, कैफे और हनुमान चालीसा की म्यूरल वॉल खास आकर्षण होंगी। श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास योजना के तहत चल रहे इस प्रोजेक्ट का करीब 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है और अक्टूबर 2026 के अंत तक इसे पूरा करने का लक्ष्य है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने इस पर जानकारी देते हुए बताया कि, “दीपोत्सव के दौरान अयोध्या में पर्यटकों की बढ़ती संख्या शहर के स्पिरिचुअल और कल्चरल टूरिज्म के बढ़ते महत्व को दर्शाती है। पिछले वर्ष अक्टूबर-नवंबर में हुए दीपोत्सव के दौरान करीब 2.85 करोड़ घरेलू और विदेशी पर्यटक अयोध्या पहुंचे थे। इस वर्ष यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि राजघाट के पास तैयार हो रहा एम्फीथिएटर और फूड कोर्ट पर्यटकों को सांस्कृतिक कार्यक्रमों, स्थानीय खानपान और सरयू के खूबसूरत वातावरण का एक साथ अनुभव कराएगा। “

मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि,”यह सुविधा दीपोत्सव के साथ पूरे साल पर्यटकों के लिए उपयोगी होगी। प्रोजेक्ट में करीब 150 से 200 लोगों की क्षमता वाला एम्फीथिएटर बनाया जा रहा है, जहां विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे एवं इसके साथ ही हनुमान चालीसा की पूरी चौपाइयों को दर्शाती म्यूरल वॉल का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा कैफे, आठ दुकानों वाला फूड प्लाजा, सार्वजनिक सुविधाएं और अन्य पर्यटक सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।“

अपर मुख्य सचिव एवं महानिदेशक पर्यटन, “अमृत अभिजात ने बताया कि राजघाट के पास विकसित किया जा रहा यह प्रोजेक्ट केवल पर्यटकों की सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि सरयू किनारे उन्हें एक नया और यादगार अनुभव देने के उद्देश्य से विकसित किया जा रहा है। इससे अयोध्या के पर्यटन परिदृश्य को और विस्तार मिलेगा तथा रामायण सर्किट में भी पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण और अनुभव जुड़ सकेगा।“

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH