भारतीय किसान संघ के प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत सोमवार, 21 सितंबर को जिला मुख्यालय पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ता राजा रामपाल पार्क में एकत्र हुए और वहां से पैदल मार्च करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
भारतीय किसान संघ ने मांग की कि किसान सम्मान निधि की राशि 6 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये की जाए। इसके अलावा किसान क्रेडिट कार्ड पर ब्याज दर शून्य प्रतिशत करने, निजी नलकूप के विद्युत कनेक्शन की प्रक्रिया को सस्ता और सरल बनाने तथा किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई।
प्रदर्शन के दौरान किसान संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाना चाहिए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर समय रहते सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में जिला संगठन मंत्री भूपेंद्र जी, भानु जी, प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर शर्मा, जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश, जिला मंत्री राजीव चौहान, महानगर अध्यक्ष अश्वनी जी, पुनीत जी सहित विभिन्न ब्लॉकों और तहसीलों के अध्यक्ष, मंत्री तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भारतीय किसान संघ के महानगर अध्यक्ष राजीव चौहान ने कहा कि संगठन किसानों की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाता रहेगा और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।




