NationalTop News

वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के 25 वर्षीय शिष्य की मौत, चौथी मंजिल से गिरने का मामला संदिग्ध; जांच में जुटी पुलिस

मथुरा: वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के एक युवा शिष्य की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय दीपक उर्फ रसिक दुलारी शरण के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह चार मंजिला इमारत की ऊपरी मंजिल से नीचे गिरा था। पुलिस को आशंका है कि मामला आत्महत्या का हो सकता है, लेकिन घटनास्थल से मिले कुछ साक्ष्यों के कारण पुलिस कई अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, मृतक के शरीर पर चोटों के अलावा गंभीर स्थिति में एक अन्य चोट भी मिली है, जिसके कारण घटना को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। मौके से खून लगा एक ग्राइंडर भी बरामद हुआ है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इसका घटना से क्या संबंध है और चोट किस परिस्थिति में लगी।

CCTV में ऊपरी मंजिल से गिरते दिखे दीपक

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर फुटेज में दीपक इमारत की ऊपरी मंजिल से नीचे गिरते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शरीर पर मिली अन्य चोट खुद से लगी या इसके पीछे किसी दूसरे व्यक्ति की भूमिका थी। कोतवाली प्रभारी अश्विनी कुमार के मुताबिक, इमारत के अलावा आसपास के इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से पहले और बाद की गतिविधियों के बारे में जानकारी मिल सके।

2015 में ली थी दीक्षा, नाम हुआ था रसिक दुलारी शरण

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि दीपक मूल रूप से मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले थे। उन्होंने सितंबर 2015 में संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली थी। दीक्षा के बाद उनका नाम रसिक दुलारी शरण रखा गया। वह पिछले कुछ समय से उसी चार मंजिला इमारत में रह रहे थे, जहां प्रेमानंद महाराज के करीब 50 अन्य दीक्षित शिष्य भी रहते हैं। पुलिस के अनुसार, घटना के समय दीपक अपने कमरे में अकेले थे।

मां को फोन पर दी गई थी तबीयत खराब होने की सूचना

दीपक की मां लोंग बाई पटेल ने बताया कि उन्हें दोपहर करीब एक बजे फोन के जरिए बेटे की तबीयत खराब होने की जानकारी दी गई थी। उन्होंने बताया कि पिछले साल वह वृंदावन में दीपक से मिलने आई थीं और करीब पांच दिन यहां रुकी थीं। उस दौरान दीपक ने उन्हें मथुरा और वृंदावन के धार्मिक स्थलों का भ्रमण भी कराया था।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

क्षेत्राधिकारी संदीप सिंह के मुताबिक, पुलिस को घटना की सूचना अस्पताल से मिली थी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस CCTV फुटेज, मौके से मिले सामान और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल मौत की वजह और पूरी घटना का क्रम पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH