SportsTop News

एशियन गेम्स 2026: भारत का शानदार प्रदर्शन, बॉक्सिंग में तीन गोल्ड, आर्चरी में भी रचा इतिहास

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए 2 अक्टूबर का दिन बेहद खास रहा। अलग-अलग खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदकों की झड़ी लगा दी। बॉक्सिंग में भारत को एक के बाद एक तीन गोल्ड मेडल मिले, जबकि आर्चरी में महिला रिकर्व टीम ने ऐतिहासिक स्वर्ण पदक अपने नाम किया। फ्रीस्टाइल रेसलिंग में भी भारत की झोली में गोल्ड आया। दिन के सबसे चर्चित मुकाबलों में भारतीय महिला हॉकी टीम का गोल्ड मेडल मैच भी शामिल है। फाइनल में भारतीय टीम का सामना चीन से होना है। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे खेला जाएगा। ऐसे में सभी की निगाहें इस मुकाबले पर टिकी हैं।

बॉक्सिंग में भारत का जलवा, लवलीना समेत तीन खिलाड़ियों ने जीते गोल्ड

बॉक्सिंग रिंग से भारत के लिए बड़ी खुशखबरी आई। लवलीना बोरगोहेन ने अपने जन्मदिन के मौके पर शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की 75 किलोग्राम कैटेगरी में गोल्ड मेडल हासिल किया। फाइनल में उनका मुकाबला चीन की बाओ जियी से हुआ। लवलीना ने मुकाबले के तीनों राउंड में बढ़त बनाए रखी और जीत के साथ स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। महिलाओं की 65 किलोग्राम कैटेगरी में भी भारत को गोल्ड मिला। परवीन ने फाइनल मुकाबले में चीनी ताइपे की चेन निएन-चिन को मात देकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं पुरुषों की 80 किलोग्राम कैटेगरी में अंकुश पंघाल ने भी भारत का परचम लहराया। फाइनल में उनका सामना किम मिनसियोंग से हुआ। अंकुश ने मुकाबला जीतकर गोल्ड मेडल भारत की झोली में डाल दिया।

आर्चरी में महिला रिकर्व टीम ने रचा इतिहास

आर्चरी में भी भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। महिला रिकर्व टीम इवेंट में भारत ने पहली बार एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। कुमकुम, कीर्ति और अंकिता की भारतीय तिकड़ी ने फाइनल में दक्षिण कोरिया की टीम को हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया। इस जीत के साथ भारतीय महिला रिकर्व टीम ने एशियन गेम्स में नया इतिहास कायम किया। हालांकि रिकर्व मिक्स्ड टीम इवेंट में भारत को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। कुमकुम और धीरज की जोड़ी फाइनल में चीन की जोड़ी के खिलाफ जीत दर्ज नहीं कर सकी और उसे रजत पदक मिला।

रेसलिंग में भी भारत के खाते में गोल्ड

फ्रीस्टाइल रेसलिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन देखने को मिला। सुरजीत ने शानदार खेल दिखाते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उनकी जीत से भारतीय पदक तालिका में एक और स्वर्ण पदक जुड़ गया।

मेडल टैली में छठे स्थान पर भारत

एशियन गेम्स 2026 की मेडल टैली में भारत फिलहाल छठे स्थान पर है। भारत ने अब तक 15 गोल्ड, 25 सिल्वर और 35 ब्रॉन्ज समेत कुल 75 मेडल अपने नाम किए हैं। 2 अक्टूबर को भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से पदकों की संख्या में और इजाफा हुआ है। अब सबकी नजरें महिला हॉकी टीम के फाइनल पर हैं, जहां चीन के खिलाफ जीत भारत के पदक अभियान को एक और बड़ी सफलता दिला सकती है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH