नई दिल्ली: दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन से फिल्म जगत में शोक की लहर है। 75 वर्षीय अभिनेता का गुरुवार सुबह गोवा स्थित उनके आवास पर कार्डियक अरेस्ट के कारण निधन हो गया। नाना पाटेकर के निधन की खबर सामने आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया।
पीएम मोदी ने नाना पाटेकर को दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नाना पाटेकर के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि भारतीय सिनेमा में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। पीएम मोदी ने उनके अभिनय की विशिष्ट शैली और अलग-अलग तरह के किरदारों को निभाने की क्षमता की सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि नाना पाटेकर में एक अलग अंदाज और दमदार मौजूदगी थी। उन्होंने अपने हर किरदार में विविधता और रचनात्मकता दिखाई। उनके निभाए कई किरदार आने वाली पीढ़ियों तक याद किए जाएंगे। पीएम मोदी ने हिंदी और मराठी सिनेमा में नाना पाटेकर के योगदान को भी याद किया और उनके परिवार दोस्तों तथा प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
अमित शाह ने बताया कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नाना पाटेकर के निधन को कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि पांच दशकों से अधिक लंबे करियर में नाना पाटेकर ने अपनी स्वाभाविक अभिनय शैली और दमदार संवाद अदायगी से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। अमित शाह ने कहा कि नाना पाटेकर ने गंभीर सामाजिक मुद्दों से लेकर हास्य और व्यंग्य तक हर तरह के किरदार को प्रभावी ढंग से निभाया। उन्होंने नाना पाटेकर के सामाजिक कार्यों का भी जिक्र किया। अमित शाह के मुताबिक नाना पाटेकर ने नाम फाउंडेशन के जरिए सूखे से प्रभावित किसान परिवारों की मदद की और सैनिकों का मनोबल बढ़ाने के लिए सीमा पर भी गए।
देवेंद्र फडणवीस ने बताया करीबी दोस्त का जाना
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नाना पाटेकर के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि एक दिग्गज अभिनेता और करीबी दोस्त का अचानक चले जाना उनके लिए बड़ा सदमा है। फडणवीस ने कहा कि नाना पाटेकर जितने बड़े कलाकार थे उतने ही संवेदनशील इंसान भी थे। उन्होंने मराठी और हिंदी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई। ‘क्रांतिवीर’ से लेकर ‘नटसम्राट’ तक उनके अभिनय को याद करते हुए फडणवीस ने कहा कि उनके जैसा कलाकार मिलना बेहद मुश्किल है।
किसानों के लिए भी किया काम
देवेंद्र फडणवीस ने नाना पाटेकर के सामाजिक कार्यों को भी याद किया। उन्होंने बताया कि ‘जलयुक्त शिवार’ अभियान के दौरान नाना पाटेकर ने इसका समर्थन किया था। मकरंद अनासपुरे के साथ मिलकर उन्होंने नाम फाउंडेशन के जरिए किसानों और सूखा प्रभावित परिवारों की मदद के लिए जमीनी स्तर पर काम किया। फडणवीस ने कहा कि किसानों की मदद हो या सूखे के दौरान जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाना नाना पाटेकर हमेशा आगे रहे। उन्होंने अभिनेता को भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और नेताओं ने जताया दुख
नाना पाटेकर के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने भी शोक व्यक्त किया। शिवसेना नेता शाइना एनसी ने नाना पाटेकर को देश के बेहतरीन अभिनेताओं में से एक बताते हुए कहा कि वह पर्दे के बाहर भी लोगों के लिए काम करने वाले व्यक्ति थे। उन्होंने किसानों के लिए नाना पाटेकर के योगदान को याद किया। भाजपा नेता प्रकाश जावड़ेकर ने भी नाना पाटेकर के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर महान कलाकार होने के साथ-साथ महान इंसान भी थे। उनकी सोच और अभिनय दोनों ही अनमोल थे।




