नई दिल्ली: दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन की खबर से सिनेमा जगत से लेकर उनके प्रशंसकों तक शोक की लहर है। 8 अक्टूबर की सुबह अभिनेता के निधन की खबर सामने आई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत फिल्म और राजनीति जगत की कई हस्तियों ने नाना पाटेकर को श्रद्धांजलि दी है। नाना पाटेकर के अंतिम संस्कार को लेकर उनके बेटे मल्हार पाटेकर ने अहम जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि अभिनेता का अंतिम संस्कार मुंबई में नहीं बल्कि पुणे के डोंजे गांव में किया जाएगा।
डोंजे गांव में होगी अंतिम विदाई
मल्हार पाटेकर के मुताबिक उनके पिता की इच्छा थी कि अंतिम विदाई उनके पैतृक गांव से ही हो। इसी वजह से परिवार ने पुणे स्थित डोंजे गांव में अंतिम संस्कार करने का फैसला किया है। नाना पाटेकर का निधन गोवा में हुआ है। निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को गोवा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिवार को सौंपा जाएगा। इसके बाद पार्थिव शरीर को पुणे ले जाया जाएगा, जहां डोंजे गांव में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
आखिरी वक्त में दोस्त और केयरटेकर थे साथ
नाना पाटेकर को तबीयत बिगड़ने के बाद सुबह अस्पताल लाया गया था। मणिपाल अस्पताल के ऑन्कोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. शेखर सालकर के मुताबिक अभिनेता को सुबह करीब 4:20 से 4:30 बजे के बीच अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने करीब 45 मिनट तक उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें होश में नहीं लाया जा सका। इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के मुताबिक नाना पाटेकर के परिवार का कोई सदस्य उस वक्त उनके साथ अस्पताल में मौजूद नहीं था। आखिरी समय में उनके एक करीबी दोस्त और केयरटेकर उनके साथ थे।
निजी काम से गोवा गए थे अभिनेता
नाना पाटेकर के बेटे मल्हार ने बताया कि अभिनेता किसी निजी काम के सिलसिले में गोवा गए थे। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मल्हार अपने परिवार के साथ गोवा के लिए रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि अभिनेता का पार्थिव शरीर दोपहर के बाद पुणे लाया जाएगा। इसके बाद परिवार उनकी अंतिम इच्छा के मुताबिक डोंजे गांव में उन्हें अंतिम विदाई देगा।
फिल्म जगत में शोक की लहर
नाना पाटेकर के निधन की खबर सामने आने के बाद बॉलीवुड और मराठी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। अक्षय कुमार, रितेश देशमुख, रवि किशन समेत कई कलाकारों ने उनके निधन पर दुख जताया है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई राजनीतिक हस्तियों ने भी नाना पाटेकर के निधन पर शोक व्यक्त किया। करीब पांच दशक लंबे करियर में नाना पाटेकर ने हिंदी और मराठी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई और कई यादगार किरदारों के जरिए दर्शकों के दिलों में जगह बनाई।




