Top NewsUttarakhand

बनबसा में बनेगा आधुनिक बैडमिंटन हॉल, सीएम धामी ने किया शिलान्यास, डेढ़ करोड़ रुपये होंगे खर्च

बनबसा: उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र बनबसा में खेल सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक नई पहल की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वतंत्रता सेनानी कैप्टन करम चंद स्टेडियम में आधुनिक बैडमिंटन हॉल का शिलान्यास किया। यूजेवीएन लिमिटेड की ओर से इस परियोजना पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके बनने से बनबसा और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा अभ्यास का बेहतर अवसर

बैडमिंटन हॉल का निर्माण कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत कराया जाएगा। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह हॉल स्थानीय युवाओं को नियमित अभ्यास करने और अपने खेल कौशल को निखारने का अवसर देगा। इसके साथ ही खिलाड़ियों को विभिन्न प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए भी बेहतर माहौल मिल सकेगा। इस परियोजना से क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के नए अवसर मिलने की उम्मीद है। सीमांत इलाके में खेल सुविधाओं का विस्तार होने से युवाओं को अपनी प्रतिभा विकसित करने में मदद मिलेगी।

सामाजिक विकास में भी योगदान दे रहा यूजेवीएनएल

यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने कहा कि निगम का उद्देश्य केवल बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के सामाजिक और आर्थिक विकास में योगदान देना भी है। इसी दिशा में सीएसआर के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सीमांत क्षेत्रों में बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होने से स्थानीय खिलाड़ियों को अपने क्षेत्र में ही अभ्यास और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

खटीमा जल विद्युत परियोजना भी दे रही योगदान

बनबसा के पास लोहियाहेड में स्थित यूजेवीएनएल की 41.4 मेगावाट क्षमता वाली खटीमा जल विद्युत परियोजना राज्य की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में योगदान दे रही है। बैडमिंटन हॉल के शिलान्यास कार्यक्रम में राज्य मंत्री सुभाष भगोली, किरण देवी, नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा देवी और जिलाधिकारी मनीष कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH