बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना को धमकी मिलने का मामला सामने आया है. अभिनेता को एक ऑडियो क्लिप भेजी गई है. इसमें एक शख्स ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताते हुए उनसे करोड़ों रुपये की मांग की है. मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
ऑडियो की आवाज की हो रही जांच
मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, आयुष्मान खुराना को मिले ऑडियो मैसेज में भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग से जुड़ा बताया है. पुलिस अब इस ऑडियो की सत्यता और मैसेज भेजने वाले की पहचान पता लगाने में जुटी है.
जांच के दौरान ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज का मिलान पुलिस रिकॉर्ड में मौजूद आवाजों से किया जा रहा है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी देने वाला वास्तव में किसी आपराधिक गिरोह से जुड़ा है या फिर उसने डर पैदा करने के लिए गैंग के नाम का इस्तेमाल किया है.
तुषार कपूर को भी मिला था फिरौती का मैसेज
यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब हाल ही में अभिनेता तुषार कपूर को भी धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिलने की खबर आई थी. उस मैसेज में कथित तौर पर पांच करोड़ रुपये की मांग की गई थी और भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हैरी बॉक्सर बताया था. शुरुआती जांच में उस ऑडियो के फर्जी होने की आशंका भी जताई गई थी.
वहीं, अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में भी लॉरेंस गैंग का नाम सामने आया था. इस मामले में अब तक 13 आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है. इसके अलावा अभिनेता अमिताभ बच्चन और गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ को भी ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला सामने आ चुका है.
पुलिस खंगाल रही धमकी के पीछे की सच्चाई
आयुष्मान खुराना को मिले ऑडियो मैसेज की जांच में पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इसके पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ है या कोई व्यक्ति अलग-अलग आपराधिक नामों का इस्तेमाल कर फिल्मी हस्तियों को निशाना बना रहा है.




