International

अमेरिका की फ्लाइट में बम की धमकी से मचा हड़कंप, कॉकपिट में घुसने लगा यात्री

अमेरिका में यूनाइटेड एयरलाइंस की एक फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक यात्री ने अपने बैग में बम होने का दावा कर दिया. इतना ही नहीं, उसने विमान के कॉकपिट में जबरन दाखिल होने की कोशिश भी की. हालात बिगड़ते देख पायलटों ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को हाइजैकिंग का अलर्ट भेज दिया. हालांकि, विमान को सुरक्षित उतार लिया गया और लैंडिंग के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.

नेवार्क से न्यू ऑरलियन्स जा रही थी फ्लाइट

यह घटना 9 नवंबर की रात यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट UA-2174 में हुई. विमान ने न्यू जर्सी के नेवार्क लिबर्टी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से न्यू ऑरलियन्स के लिए उड़ान भरी थी. सफर के दौरान एक यात्री ने अपने बैग में बम होने की बात कही और कॉकपिट में घुसने की कोशिश करने लगा.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान में 46 यात्री और चालक दल के छह सदस्य मौजूद थे. यात्री के व्यवहार से स्थिति तनावपूर्ण हो गई. क्रू ने तुरंत सुरक्षा प्रक्रिया अपनाई और पायलटों को घटना की जानकारी दी.

पायलटों ने भेजा हाइजैकिंग का अलर्ट

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलटों ने ACARS मैसेजिंग सिस्टम के जरिए खतरे का अलर्ट भेजा. इसके साथ ही विमान के ट्रांसपोंडर में 7500 कोड दर्ज किया गया. विमानन क्षेत्र में इस कोड का इस्तेमाल अपहरण या विमान में गैरकानूनी हस्तक्षेप की स्थिति का संकेत देने के लिए किया जाता है.

इसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल को आपात स्थिति की जानकारी मिल गई. पायलटों ने सावधानी बरतते हुए विमान को सुरक्षित न्यू ऑरलियन्स एयरपोर्ट पर उतारा.

लैंडिंग के बाद आरोपी गिरफ्तार

विमान के उतरते ही जेफरसन पैरिश शेरिफ ऑफिस के अधिकारियों ने संदिग्ध यात्री को हिरासत में ले लिया. उसकी पहचान 34 वर्षीय रोनी अलेक्जेंडर गोमेज-अल्बर्टो के रूप में बताई गई है. रिपोर्ट्स के अनुसार, वह होंडुरास का नागरिक है और पहले दो बार अमेरिका से निर्वासित किया जा चुका है.

आरोपी पर बम की झूठी सूचना देने और दहशत फैलाने से जुड़े आरोप लगाए गए हैं. विमान की जांच में बम मिलने की कोई पुष्टि नहीं हुई है. मामले की आगे जांच की जा रही है.

फ्लाईदुबई की घटना के बाद फिर विमान में सुरक्षा का सवाल

यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब कुछ सप्ताह पहले फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट में भी कॉकपिट के भीतर हिंसक घटना की खबर आई थी. दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट FZ1073 में कथित तौर पर को-पायलट ने भारतीय कैप्टन पर हमला कर विमान पर नियंत्रण करने की कोशिश की थी. हालांकि, कैप्टन ने स्थिति संभाल ली थी.

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH