इस्लामाबाद. पाकिस्तान में एक बार फिर आतंकी हमले की घटना सामने आई है. देश के अशांत बलूचिस्तान प्रांत के मस्तुंग जिले में गुरुवार, 12 नवंबर को विस्फोटकों से भरे एक वाहन के जरिए सुरक्षा चौकी को निशाना बनाया गया. हमले के बाद हुए जोरदार धमाके से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पाकिस्तान के सरकारी प्रसारक रेडियो पाकिस्तान और स्थानीय पुलिस के मुताबिक, सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई में तीन हमलावरों को मार गिराया. वहीं, हमले में दो आम नागरिकों की भी मौत हुई है और 17 लोग घायल हुए हैं.
कंधावा पोस्ट को बनाया गया निशाना
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हमला बलूचिस्तान के मस्तुंग जिले में नेशनल हाईवे-25 पर स्थित कंधावा पोस्ट पर हुआ. हमलावरों ने विस्फोटकों से भरे वाहन के जरिए सुरक्षा चौकी को निशाना बनाया. धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी. इसकी चपेट में आसपास के मकान और एक मस्जिद भी आ गए.
जवाबी कार्रवाई में तीन हमलावर ढेर
बलूचिस्तान पुलिस के प्रवक्ता के मुताबिक, सुरक्षा बलों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हमले को नाकाम कर दिया. जवाबी कार्रवाई में तीन हमलावर मारे गए. इस घटना में दो नागरिकों की जान चली गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए. घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
17 लोग घायल, सुरक्षा बलों के जवान भी शामिल
अरब न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, हमले में 17 लोग घायल हुए हैं. इनमें फ्रंटियर कॉर्प्स के चार जवान भी शामिल बताए गए हैं. धमाके के कारण आसपास के पांच मकानों को नुकसान पहुंचा है. पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने घटनास्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है.
BLA ने ली हमले की जिम्मेदारी
इस हमले को लेकर बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने जिम्मेदारी लेने का दावा किया है. संगठन के मुताबिक, उसकी मजीद ब्रिगेड ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया. हालांकि, संगठन की ओर से बताए गए नुकसान और हताहतों के आंकड़ों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. पाकिस्तानी सैन्य अधिकारियों की ओर से भी सैनिकों की मौत का कोई आधिकारिक आंकड़ा सामने नहीं आया है.
बलूचिस्तान में लगातार बढ़ रही हिंसक घटनाएं
गौरतलब है कि पाकिस्तान का बलूचिस्तान प्रांत लंबे समय से अलगाववादी हिंसा और सुरक्षा चुनौतियों का सामना कर रहा है. यहां बलूच विद्रोही संगठन समय-समय पर सेना और सुरक्षा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाते रहे हैं. हाल के दिनों में मस्तुंग और आसपास के जिलों में भी सुरक्षा बलों पर हमलों की खबरें सामने आई हैं. ताजा घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है.




