InternationalNationalTop News

ललित मोदी बने ब्रिटिश नागरिक, ऑक्सफोर्ड यूनियन में किया बड़ा ऐलान, बोले- ब्रिटेन को अपना घर कहने पर गर्व

लंदन: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने ब्रिटिश नागरिकता हासिल कर ली है। उन्होंने 14 नवंबर 2026 को ऑक्सफोर्ड यूनियन में अपने संबोधन के दौरान इस बात का खुलासा किया। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर ब्रिटिश नागरिक बनने पर खुशी और गर्व जाहिर किया। ललित मोदी ने अपनी पोस्ट में बताया कि उन्होंने 15 सितंबर 2026 को परिवार और दोस्तों की मौजूदगी में ब्रिटिश नागरिकता का जश्न मनाया था। उन्होंने इस समारोह को अपने जीवन का बेहद खास और यादगार पल बताया।

‘ब्रिटिश नागरिक बनना सौभाग्य और बड़ी जिम्मेदारी’

ललित मोदी ने कहा कि यूनाइटेड किंगडम कई वर्षों से उनका घर रहा है। वह यहां के लोगों, संस्थाओं, परंपराओं और मूल्यों का बेहद सम्मान करते हैं। उनके मुताबिक, ब्रिटिश नागरिक बनना उनके लिए सौभाग्य के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है, जिसे वह गर्व और कृतज्ञता के साथ स्वीकार करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि उनका जीवन अलग-अलग संस्कृतियों और अनुभवों से मिलकर बना है। अब वह उस देश में सकारात्मक योगदान देना चाहते हैं, जिसे वह गर्व से अपना घर कहते हैं।

ऑक्सफोर्ड यूनियन का जताया आभार

ललित मोदी ने अपने परिवार, दोस्तों और इस सफर में उनका साथ देने वाले सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया। साथ ही, इस खास खबर को साझा करने का अवसर देने के लिए ऑक्सफोर्ड यूनियन के प्रति भी आभार जताया। उन्होंने अपनी पोस्ट में किंग चार्ल्स तृतीय का जिक्र करते हुए कहा कि ब्रिटिश सम्राट के जन्मदिन के अवसर पर इस उपलब्धि को साझा करना उनके लिए इसे और भी खास बनाता है। पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा, ‘गॉड सेव द किंग।’

2010 में भारत छोड़कर ब्रिटेन चले गए थे ललित मोदी

गौरतलब है कि ललित मोदी वर्ष 2010 में भारत छोड़कर ब्रिटेन चले गए थे। IPL से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बाद भारतीय एजेंसियों ने उनके खिलाफ जांच शुरू की थी। इसके बाद से वह भारत से बाहर रह रहे हैं और लंबे समय से लंदन में उनका ठिकाना है। ब्रिटिश नागरिकता हासिल करने की उनकी घोषणा ऐसे समय में सामने आई है, जब भारत में उनके खिलाफ चल रहे मामलों को लेकर चर्चा होती रही है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH