Top NewsUttar Pradesh

मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देते वक्त भावुक हुए सीएम योगी, अर्थी को दिया कंधा, हरिद्वार में होगा अंतिम संस्कार

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार में अंतिम संस्कार किया जाएगा। मां को अंतिम विदाई देते समय मुख्यमंत्री योगी भावुक हो गए। उन्होंने मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और अर्थी को कंधा भी दिया। इससे पहले वह पूरी रात मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे। इस दौरान उन्होंने भोजन भी नहीं किया। शनिवार सुबह उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित मुख्यमंत्री के पैतृक गांव पंचूर से सावित्री देवी की अंतिम यात्रा हरिद्वार के लिए रवाना हुई। उनका अंतिम संस्कार हरिद्वार के चंडीघाट पर सुबह करीब 11:30 बजे किया जाएगा। अंतिम संस्कार में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई वरिष्ठ भाजपा नेता शामिल होंगे।

अंतिम संस्कार में शामिल होंगे भाजपा के वरिष्ठ नेता

सावित्री देवी के अंतिम संस्कार में उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, यूपी भाजपा के संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी के शामिल होने की जानकारी है।

91 साल की उम्र में हुआ निधन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह उनके पैतृक गांव पंचूर स्थित आवास पर निधन हो गया था। वह 91 वर्ष की थीं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सावित्री देवी लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। मां के निधन की खबर मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पहुंचे थे। यहां उन्होंने मां के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य और गांव के लोग भी मौजूद रहे।

 

अंतिम संस्कार के बाद लखनऊ लौटेंगे सीएम योगी

मां के अंतिम संस्कार के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शनिवार शाम लखनऊ पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में वह शामिल होंगे। पारिवारिक शोक के बीच मुख्यमंत्री का यह आधिकारिक कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH