NationalSportsTop News

युजवेंद्र चहल की राजनीति में एंट्री, BJP में शामिल होते ही मिली बड़ी जिम्मेदारी; ओबीसी मोर्चा में बनाया गया विशेष आमंत्रित सदस्य

नई दिल्लीः भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने अब क्रिकेट के मैदान से आगे राजनीति की दुनिया में भी कदम रख दिया है. चहल भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए हैं. पार्टी में शामिल होने के साथ ही उन्हें संगठन में अहम जिम्मेदारी भी सौंपी गई है. बीजेपी ने उन्हें अपने राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की कार्यकारी समिति में विशेष आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया है. पार्टी की ओर से जारी नियुक्तियों की सूची के मुताबिक, यह जिम्मेदारी बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने दी है. चहल की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब पार्टी अपने ओबीसी मोर्चे के संगठनात्मक ढांचे में नए सिरे से पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप रही है. इससे पहले चहल ने ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य से मुलाकात भी की थी.

चहल ने पीएम मोदी और अमित शाह का जताया आभार

बीजेपी में शामिल होने और नई जिम्मेदारी मिलने के बाद युजवेंद्र चहल ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य को धन्यवाद दिया. चहल ने अपने संदेश में कहा कि उन्हें बीजेपी परिवार में जगह और सम्मान देने के लिए वह पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के आभारी हैं.

ओबीसी मोर्चा में इन नेताओं को भी मिली जगह

बीजेपी ने शनिवार को ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी और अन्य पदों पर कई नियुक्तियां की हैं. पार्टी की ओर से जारी सूची में असम के जोगेन मोहन, ओडिशा की ममता मोहंता, उत्तर प्रदेश के संगम लाल गुप्ता, महाराष्ट्र के बबनराव रावजी चौधरी, दिल्ली के सतप्रकाश राणा, बिहार के अर्जुन सहनी और उत्तर प्रदेश की संगीता बलवंत बिंद को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है. वहीं, दिल्ली के गजेंद्र यादव, कर्नाटक के प्रमोद मध्वराज और छत्तीसगढ़ के ललित चंद्राकर को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है. इसके अलावा सात नए राष्ट्रीय सचिवों सहित कई अन्य पदाधिकारियों की भी नियुक्ति की गई है. चहल के अलावा ओडिशा के प्रोफेसर अद्वैत चरण गड़नायक और उत्तर प्रदेश की अधिवक्ता सीमा समृद्धि कुशवाहा को भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है.

टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं चहल

युजवेंद्र चहल हाल ही में रेड-बॉल क्रिकेट यानी फर्स्ट क्लास क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर चुके हैं. हालांकि, वह वनडे और टी20 जैसे सीमित ओवरों के प्रारूप में खेलना जारी रखेंगे. हरियाणा के रहने वाले चहल ने साल 2016 में भारतीय टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था. उन्होंने भारत की ओर से वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं. साल 2019 के वनडे विश्व कप में भी वह भारतीय टीम का हिस्सा थे. आईपीएल में भी चहल का प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा है. वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स जैसी टीमों के लिए खेल चुके हैं. पिछले आईपीएल सीजन में उन्होंने पंजाब किंग्स का प्रतिनिधित्व किया था. अपनी शानदार लेग स्पिन और विकेट लेने की क्षमता के दम पर पहचान बनाने वाले चहल की राजनीति में एंट्री अब चर्चा का विषय बन गई है.

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH