Top NewsUttar Pradesh

सपा-कांग्रेस हैं ‘पूर्व सत्ताधारी गैंग’, दोनों में सीटें नहीं इलाका बांटने पर हो रही चर्चा: भाजपा प्रवक्ता अंकुश त्रिपाठी

समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग के लिए जारी चर्चाओं के बीच भाजपा ने तीखा निशाना साधा है। भाजपा प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि यह सीट शेयरिंग की बैठक नहीं, बल्कि दो ‘पूर्व सत्ताधारी गैंग’ के बीच इलाके बांटने की कवायद है। इसीलिए बैठक महज 20 मिनट में ही झगड़े और आरोप-प्रत्यारोप के बीच खत्म हो गई। दोनों दलों के नेता एक-दूसरे पर छींटाकशी करते हुए नाराज होकर उठ गए।

सीटों पर नहीं बनी बात, एक-दूसरे पर लगाए आरोप

अंकुश त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि दोनों ‘गैंग’ सिर्फ मुस्लिम वोट के लिए गठजोड़ की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन बैठक के दौरान दोनों ‘वसूली गैंग’ आपस में ही भिड़ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दलों का मकसद जनता की सेवा नहीं, बल्कि सत्ता में लौटकर प्रदेश में लूटमार और अपहरण का कारोबार फिर शुरू करना है।

जनता को ठगने के लिए गठबंधन करना चाहते हैं सपा-कांग्रेस

त्रिपाठी ने कहा कि सपा-कांग्रेस गठबंधन यूपी की जनता के हित का नहीं, बल्कि जनता को ठगने का गठबंधन है। दोनों पार्टियां एक-दूसरे पर आरोप लगाती रहेंगी और इनके बीच गठबंधन की राह आसान नहीं है।

केवल 20 मिनट तक चली कांग्रेस-सपा के बीच हुई सीट शेयरिंग बैठक

बता दें कि आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर सपा और कांग्रेस बीच सोमवार को हुई बैठक मात्र बीस मिनट ही चल सकी। इतनी कम देर में बैठक खत्म होने के बाद अटकलों का दौर भी तेज हो गया। गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेता लगातार एक-दूसरे के खिलाफ आरोप-प्रत्यारोप करते रहते हैं। इसी तल्ख माहौल के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत शुरू हुई है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH