NationalTop News

‘2051 तक कौन जिंदा रहेगा, कोई नहीं जानता…’, परिसीमन बिल पर ममता बनर्जी ने केंद्र को घेरा

महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है. तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रस्तावित विधेयक को खराब बताते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने 2051 तक सीटों के मौजूदा अनुपात को बनाए रखने के प्रस्ताव पर सवाल उठाते हुए कहा कि कोई नहीं जानता कि तब तक कौन जीवित रहेगा. शनिवार को दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान ममता बनर्जी ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक पहले ही संसद से पारित हो चुका है. ऐसे में इसके नाम पर नए परिसीमन विधेयक को लाने की जरूरत पर उन्होंने सवाल उठाए. ममता ने दावा किया कि उनकी पार्टी ने महिलाओं के अधिकारों और ‘नारी शक्ति’ के लिए लगातार संघर्ष किया है.

‘महिला आरक्षण बिल तो पहले ही पास हो चुका है’

ममता बनर्जी ने अपने बयान में कहा, “यह एक खराब बिल है. कोई नहीं बता सकता कि 2051 तक वह जिंदा भी रहेगा या नहीं. हमने नारी शक्ति के लिए सबसे ज्यादा लड़ाई लड़ी है. क्या आपको याद है कि लोकसभा के अंदर हम पर हमला हुआ था? जब मैं सांसद थी, तब का वह फुटेज निकालकर देखिए. महिला आरक्षण विधेयक तो पहले ही पास हो चुका था.”

30 नवंबर से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र

दरअसल, केंद्र सरकार 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधायी प्रस्तावों को आगे बढ़ाने की तैयारी में है. लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से शुरू होगी, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को होगी. संसद की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है. इस सत्र में परिसीमन से जुड़े विधेयकों और महिला आरक्षण के प्रावधानों को लेकर चर्चा होने की उम्मीद है. हालांकि, सरकार की ओर से पूरे विधायी एजेंडे की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.

परिसीमन पर विपक्षी दलों के रुख में बदलाव

परिसीमन विधेयक को लेकर राजनीतिक दलों के बीच समर्थन और विरोध का दौर जारी है. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की पार्टी डीएमके ने पहले विरोध के बाद अब विधेयक के समर्थन का ऐलान किया है. वहीं, शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की ओर से भी समर्थन के संकेत मिलने की चर्चा है. ऐसे में संसद के आगामी विशेष सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण का मुद्दा प्रमुख राजनीतिक विषय बना रह सकता है.

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH