उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जब भिकियासैंण के पास यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। घटना के तुरंत बाद इलाके में राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। SDRF की टीम दुर्घटनास्थल पर भेजी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 6-7 लोगों के मरने की आशंका है, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें भिकियासैंण के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अल्मोड़ा के SSP देवेंद्र पिंचा ने बताया कि बचाव टीमों को मौके पर भेज दिया गया है और हादसे में कुछ लोगों की मौत की खबरें हैं।
कैसे हुआ हादसा
यह दुर्घटना भिकियासैंण–विनायक–जालली मोटर मार्ग पर शिलापनी के पास हुई। बस भिकियासैंण से रामनगर के लिए निकल रही थी और सुबह करीब 6 बजे द्वाराहाट से आगे बढ़ते हुए अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों और घायलों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
घटनास्थल जिला मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर है। आपदा अधिकारी विनीत पाल ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन तेज किया गया है और घायलों को तुरंत इलाज मुहैया कराया जा रहा है।
CM पुष्कर सिंह धामी ने जताया शोक
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया और सोशल मीडिया पर लिखा कि यह अत्यंत पीड़ादायक घटना है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को सहन शक्ति की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि घायल यात्रियों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और गंभीर रूप से घायलों को उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया है। उन्होंने पूरे मामले की सतत निगरानी की बात भी कही और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।




