NationalTop News

बेंगलुरु में यात्रियों से भरी प्राइवेट बस में लगी भीषण आग, 30 लोगों की जान बची

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बेंगलुरु रूरल जिले के नेलमंगला इलाके में यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस में अचानक भीषण आग लग गई। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी 30 यात्री सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, हालांकि उनका सारा सामान आग में जलकर खाक हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह प्राइवेट बस बेंगलुरु से कलबुर्गी जा रही थी। हादसा नेलमंगला तालुक के हनुमंतपुरा गेट के पास रात करीब 1:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि बस चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे बस सड़क से उतरकर किनारे बने नाले की ओर झुक गई।

इसी दौरान झुकी हुई बस कथित तौर पर ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन के संपर्क में आ गई, जिससे बस में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी, लेकिन समय रहते सभी यात्री बस से बाहर निकल आए और अपनी जान बचाने में कामयाब रहे। घटना की सूचना मिलते ही नेलमंगला फायर और इमरजेंसी सर्विस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। आग में यात्रियों का सारा निजी सामान नष्ट हो गया।

पुलिस के अनुसार, हादसे का शिकार हुई बस संजना टूरिस्ट कंपनी की थी। इस मामले में नेलमंगला ग्रामीण पुलिस थाने में केस दर्ज कर लिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH