Top NewsUttar Pradesh

उत्तर प्रदेश के मथुरा से हैरान कर देने वाला मामला आया सामने, पति ने पत्नी के काटे होंठ, लगे 16 टांके

मथुरा। उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक गांव में शुक्रवार को पत्नी और पति के बीच हुए झगड़े ने एक भयानक मोड़ ले लिया। यहां विवाद के दौरान पति ने अपनी पत्नी के होंठ कथित तौर पर अपने दांतों से काट लिए। इसके बाद महिला के होंठों में 16 टांके लगाने पड़े। पुलिस ने इस घटना के बारे में जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पीड़िता पुलिस को अपनी आपबीती बोलकर नहीं बता सकी, इसलिए उसने कागज पर पूरी घटना लिख कर​दी। उसने अपने पति, देवर और सास के खिलाफ उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है।

पति ने की मारपीट

घटना के बारे में जानकारी देते हुए मगोर्रा के थाना प्रभारी मोहित तोमर ने बताया कि नगला भूचन निवासी महिला का आरोप है कि शाम को उसका पति घर आया। घर आने के बाद वह उससे झगड़ने लगा और शांत होने के लिए कहने पर मारपीट करने लगा। उनके मुताबिक, महिला ने कहा कि इसी बीच उसने अचानक उसके दोनों होंठों को अपने दांतों से काट लिया, जिससे खून बहने लगा। घर पर मौजूद उसकी बहन जब बीच-बचाव कराने आई तो उससे भी मारपीट की गई। उसका दावा है कि जब उसने पति की करतूत की शिकायत सास और देवर से की तो उन्होंने भी उल्टे उसी से गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।

पति, सास और देवर के खिलाफ केस दर्ज

पुलिस ने घटना के बारे में आगे बताया कि इस बारे में पता चलने पर पीड़िता के पिता उसे थाने ले गए। यहां उसके पति विष्णु, सास और देवर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के मुताबिक पीड़ित महिला के होठों पर 16 टांके लगाए गए हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि पति-पत्नी में घरेलू मामलों को लेकर झगड़ा हुआ था। इस घटना के बाद से ही पति, देवर और सास घर से गायब हैं। इन सभी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा मामले की जांच की जा रही है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH