पंजाब के मोगा जिले के किल्ली चहलां गांव में आयोजित ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के तहत विलेज डिफेंस कमेटी के शपथ समारोह में आम आदमी पार्टी ने शक्ति प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक Arvind Kejriwal और पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने हजारों लोगों को संबोधित किया और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश दिया।
सभा को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि अकाली दल, भाजपा और कांग्रेस की सरकारों ने पंजाब को नशे में धकेल दिया था। उन्होंने कहा कि जब से आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है, तब से राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। केजरीवाल ने लोगों से अपील की कि वे पुरानी सरकारों के कार्यकाल को याद रखें और उन्हें दोबारा मौका न दें, वरना पंजाब फिर से नशे की गिरफ्त में जा सकता है।
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के इतिहास में पहली बार ऐसी सरकार आई है, जो नशा तस्करों को पकड़-पकड़कर जेल भेज रही है। उन्होंने बताया कि एक साल पहले 1 मार्च को मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान की शुरुआत की गई थी। उस समय लोगों को इस मुहिम पर पूरी तरह भरोसा नहीं था, क्योंकि वे पहले की सरकारों के दावे और हकीकत देख चुके थे।
इस मौके पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी लोगों को नशा मुक्त पंजाब बनाने की शपथ दिलाई। तबीयत खराब होने के बावजूद वे कार्यक्रम में पहुंचे और अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य से नशे के खात्मे के लिए सरकार और जनता को मिलकर लड़ाई लड़नी होगी।



