City NewsTop Newsलखनऊ

लखनऊ में तेज रफ्तार कार का कहर, 6 साल के बच्चे की मौत, आरोपी छात्र गिरफ्तार

लखनऊ में गुरुवार शाम एक तेज रफ्तार कार ने छह लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें छह साल के मासूम दीक्षांत पटेल की मौत हो गई। यह हादसा कानपुर रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास हुआ। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के मुताबिक, कार चला रहा आरोपी गौरव सिंह 12वीं का छात्र है। वह स्विफ्ट कार से अपनी कथित गर्लफ्रेंड के साथ स्कूल की फेयरवेल पार्टी से लौट रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी और उसने पहले एक ऑटो रिक्शा को टक्कर मारी, फिर पैदल चल रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में छह साल का दीक्षांत गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। अन्य पांच लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं और उनका इलाज जारी है।

हादसे के बाद आरोपी लड़की को कार से उतारकर मौके से फरार हो गया। शुरुआती तौर पर आरोपी को नाबालिग समझा जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में उसकी उम्र 21 वर्ष पाई गई। पुलिस ने कथित गर्लफ्रेंड से पूछताछ के बाद कार को जब्त किया और आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार तेज रफ्तार में लोगों और वाहनों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ती दिख रही है। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई थी। लोगों ने लड़की को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH