Regional

दिल्ली में फूड कंपनी के डिलीवरी बॉयज ने पीट-पीटकर युवा व्यापारी को मार डाला, ये थी विवाद की वजह

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के सबसे व्यस्त इलाके कनॉट प्लेस में नए साल की शुरुआत में हुई एक हिंसक घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। राजीव चौक इलाके में तीन डिलीवरी बॉय द्वारा कथित तौर पर की गई मारपीट में 36 वर्षीय कारोबारी शिवम गुप्ता की मौत हो गई। यह घटना 3 जनवरी की रात की है, जबकि 19 जनवरी को इलाज के दौरान शिवम ने दम तोड़ दिया।

पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर निवासी शिवम गुप्ता 2 जनवरी को अपने एक दोस्त के साथ कनॉट प्लेस में पार्टी करने गए थे। पार्टी के बाद जब वे रेस्टोरेंट से बाहर निकले, तो राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के पास ई-ब्लॉक इलाके में शिवम ने एक फूड डिलीवरी कंपनी के प्रतिनिधि से पानी मांगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।

परिजनों के मुताबिक, विवाद के दौरान एक डिलीवरी बॉय ने शिवम के सिर पर हेलमेट से कई वार किए, जबकि उसके दो साथियों ने घूंसे और लातें मारीं। गंभीर रूप से घायल शिवम सड़क पर बेहोश होकर गिर पड़ा। रात करीब 1:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि एक व्यक्ति सड़क पर खून से लथपथ हालत में पड़ा है।

पुलिस ने शिवम को तत्काल लोक नायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उसके शरीर में कई जगह अंदरूनी चोटें और खून के थक्के थे, जिससे उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। 5 जनवरी को शिवम की सर्जरी की गई।

शिवम के पिता अनिल कांत गुप्ता ने बताया कि उनका बेटा परिवार का इकलौता सहारा था। उन्होंने कहा, “जब हम अस्पताल पहुंचे तो शिवम खून की उल्टियां कर रहा था और कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहा था। डॉक्टरों ने कहा कि चोटें जानलेवा हैं। कुछ दिनों तक उसकी हालत में सुधार दिखा, हमें उम्मीद जगी, लेकिन 19 जनवरी को वह हमें छोड़कर चला गया।”

परिवार का आरोप है कि शिवम के साथ मौजूद दोस्त ने घटना की जानकारी समय पर परिवार को नहीं दी, जिससे इलाज में देरी हुई। पिता ने यह भी बताया कि उन्होंने पुलिस के साथ मिलकर कई सीसीटीवी फुटेज देखे, जिनमें शिवम जमीन पर बेसुध पड़ा दिखाई दे रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच तेज कर दी है और आरोपियों की भूमिका की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। शिवम के परिजन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहे हैं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH