Top NewsUttar Pradesh

जौनपुर कोर्ट और पुलिस लाइन को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार, प्रेम प्रसंग में रची साजिश

यूपी एटीएस ने जौनपुर कोर्ट और जौनपुर पुलिस लाइन को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान विशाल रंजन के रूप में हुई है, जो आजमगढ़ में किराए के मकान में रह रहा था। जांच में सामने आया है कि यह पूरी साजिश प्रेम प्रसंग के चलते रची गई थी। पूछताछ के दौरान एटीएस को पता चला कि विशाल रंजन की गर्लफ्रेंड की शादी जौनपुर के एक युवक से तय हो गई थी। इससे नाराज होकर उसने युवती के मंगेतर के नाम से फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर आपत्तिजनक पोस्ट साझा कर दिया। उसका मकसद था कि मंगेतर कानूनी कार्रवाई में फंस जाए और शादी टूट जाए। हालांकि ऐसा नहीं हुआ और गांव की पंचायत में विशाल की साजिश उजागर हो गई। उसे सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगनी पड़ी।

पंचायत में शामिल लोगों को भी फंसाने की कोशिश

इसके बावजूद आरोपी शांत नहीं हुआ। उसने लड़की पक्ष और पंचायत में शामिल लोगों के मोबाइल नंबर सोशल मीडिया और एक क्रिकेट टूर्नामेंट के पंपलेट से जुटाए। इसके बाद मंगेतर और अन्य ग्रामीणों के नाम से फर्जी ईमेल आईडी बनाकर जौनपुर कोर्ट और पुलिस लाइन को बम से उड़ाने की धमकी भेज दी। 17 फरवरी को जौनपुर के जिला जज के सरकारी ईमेल पर पांच धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी यूपी एटीएस को सौंपी गई थी।

पांच मोबाइल और लैपटॉप बरामद

जांच के दौरान एटीएस ने विशाल रंजन को गिरफ्तार कर उसके ठिकाने से पांच मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया। जांच में करीब 50 फर्जी ईमेल आईडी और अलग-अलग नामों से बनाई गई 20 फेसबुक आईडी का पता चला है। आरोप है कि आरोपी ने सोशल मीडिया से महिलाओं की तस्वीरें डाउनलोड कर अश्लील सामग्री भी तैयार की थी।फिलहाल एटीएस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH