RegionalTop News

जालंधर में आप नेता लक्की ओबोराय की गोली मारकर हत्या, गुरुद्वारे के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग

पंजाब के जालंधर में आम आदमी पार्टी के नेता लक्की ओबोराय की शुक्रवार सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात मॉडल टाउन इलाके में स्थित गुरुद्वारा साहिब के बाहर हुई, जहां हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। लक्की ओबोराय को पांच गोलियां लगीं, जिससे मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद गंभीर रूप से घायल लक्की ओबोराय को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हमलावरों ने उनकी कार को भी गोलियों से छलनी कर दिया, जिससे कार के शीशे टूट गए। इस घटना ने एक बार फिर पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, लक्की ओबोराय रोजाना की तरह सुबह करीब 8 बजकर 15 मिनट पर गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेकने पहुंचे थे। जैसे ही वे गुरुद्वारे के बाहर निकले, पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर 7 से 8 राउंड फायरिंग कर दी। कुछ गोलियां उनकी छाती और सिर में लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही हालत नाजुक हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और जांच टीम के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। इन्वेस्टिगेशन टीम के एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। बताया जा रहा है कि आरोपी बाइक पर सवार होकर आए थे।

लक्की ओबोराय की पत्नी ने आम आदमी पार्टी के टिकट पर नगर निगम चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। लक्की, कैंट हल्का की इंचार्ज राजविंदर कौर थियाडा के करीबी माने जाते थे। आप नेता गुरचरण सिंह चन्नी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि लक्की पार्टी के सक्रिय नेता थे और उन पर फायरिंग की सूचना पुलिस को दी गई थी।

स्थानीय तौर पर लक्की ओबोराय एक युवा और सक्रिय राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते थे। वे मॉडल टाउन इलाके में रहते थे और सामाजिक व राजनीतिक मुद्दों पर लगातार सक्रिय रहते थे। पुलिस ने हत्यारों की तलाश तेज कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मामले की जांच जारी है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH