NationalTop News

फर्रुखाबाद में मासूम से दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोपी, पुलिस एनकाउंटर में ढेर

यूपी के फर्रुखाबाद जिले में पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का ईनामी और दुष्कर्म का आरोपी मनु ढेर हो गया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस उसे गिरफ्तार करने उसके गांव के पास पहुंची थी। हालांकि पुलिस ने जब उसे सरेंडर करने के लिये कहा तो उसने सीधे पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी सेल्फ-डिफेंस में फायरिंग की, जिससे मनु को गोली लग गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक जिले के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के खटा गांव का मनु बच्ची का अपहरण कर रेप और हत्या के मामले में फरार था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 50 हजार का ईनाम भी घोषित कर रखा था।

जानकारी के मुताबिक गुरुवार रात में पुलिस को सूचना मिली कि बच्ची का अपहरण कर उसके साथ रेप करने और फिर हत्या करने का आरोपी मनु खटा गांव के पास छिपा हुआ है। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस की टीम ने दबिश दी। यहां खटा गांव में पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ईनामी आरोपी मनु को घेर लिया। पुलिस ने मनु को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन आरोपी ने सरेंडर करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। बचाव में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी मनु को गोली लग गई।

गोली लगने के बाद उसे अस्पताल लेकर जाया गया, जहां डॉक्टरों ने ईनामी अपराधी को मृत घोषित कर दिया। मनु ने अपनी बुआ के घर आई बच्ची का अपहरण कर रेप किया था और उसके बाद बच्ची की हत्या कर दी थी। जानकारी के मुताबिक 27 जून को बच्ची गांव के बाहर आम खाने गई थी, जहां से उसे अगवा कर लिया गया था। बाद में बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसे मार दिया था। बच्ची का शव 28 जून को मैनपुरी जिले के भोगांव कोतवाली के देवीपुर गांव के खेत में पाया गया था। एनकाउंटर में मारे गए मनु के खिलाफ पहले भी हत्या और अपहरण जैसी संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH