RegionalTop News

अहिल्यानगर में छात्रा पर एसिड अटैक, स्कूल से लौटते वक्त अज्ञात युवक ने बनाया निशाना

महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। संगमनेर के वडगांव पान क्षेत्र में छठी कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा पर स्कूल से घर लौटते समय अज्ञात युवक ने एसिड फेंक दिया। घटना 18 मार्च की दोपहर की बताई जा रही है। अचानक हुए इस हमले से बच्ची दर्द से चीखने लगी, जिसके बाद आसपास के लोग उसकी मदद के लिए दौड़े और तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, छात्रा रोज की तरह स्कूल से पैदल घर लौट रही थी। तभी रास्ते में एक युवक उसके पास आया और बिना कुछ कहे उसके चेहरे पर तेजाब फेंककर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को प्रवरानगर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि बच्ची की हालत फिलहाल स्थिर है, हालांकि उसे गंभीर चोटें आई हैं।

पीड़िता एक गरीब परिवार से ताल्लुक रखती है। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है और मां मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती है। वह अपने दादा-दादी के साथ रहती है। इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है। वहीं, इलाके के लोगों में भी भय का माहौल है और अभिभावक अपनी बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ डॉ. कुणाल सोनवणे और पुलिस निरीक्षक प्रवीण सालुंखे मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अभी तक हमले के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।

पुलिस ने आरोपी की पहचान के लिए तलाशी अभियान तेज कर दिया है और भरोसा दिलाया है कि उसे जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही एसिड की अवैध बिक्री पर भी नजर रखी जा रही है। इस घटना ने राज्य में महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH