आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में पुलिस ने निर्भय गुर्जर गैंग के कुख्यात सदस्य को गिरफ्तार कर लिया है, जो पिछले 23 वर्षों से फरार चल रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बबलू उर्फ टाइगर उर्फ जितेंद्र के रूप में हुई है। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।29 सितंबर को थाना डौकी पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नगला देवहंश इलाके में एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियार के साथ मौजूद है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से आरोपी को पकड़ लिया।
उसके पास से एक अवैध तमंचा और .315 बोर का एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस मामले में पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुद को निर्भय गुर्जर गैंग का सक्रिय सदस्य बताया। उसने बताया कि गैंग का काम अमीर लोगों का अपहरण कर उनसे फिरौती वसूलना था।
उसका रोल पीड़ित की रेकी करना और फिर गैंग के साथियों के साथ अपहरण कर उसे चंबल के बीहड़ों तक पहुंचाना होता था।साल 2002 में आरोपी ने अपने गैंग के साथ राठौरी गांव के हरिओम उर्फ कल्ला का अपहरण किया था। इसी मामले के बाद गैंग के मुखिया निर्भय गुर्जर को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया था। उसके बाद से बबलू उर्फ टाइगर भूमिगत हो गया था।गिरफ्तारी के समय आरोपी एक दूध व्यापारी का अपहरण करने की फिराक में था। पुलिस का कहना है कि वह व्यापारी की रेकी कर रहा था, तभी उसे पकड़ लिया गया।




