रूस और यूक्रेन के बीच करीब चार साल से जारी युद्ध को खत्म करने के लिए शांति वार्ता की कोशिशें जारी हैं, लेकिन इसी बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास पर कथित ड्रोन हमले के दावे ने हालात को फिर तनावपूर्ण बना दिया है। रूस ने इस हमले के लिए यूक्रेन को जिम्मेदार ठहराया है, जबकि यूक्रेन ने आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। इस घटनाक्रम पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तीखी प्रतिक्रिया भी सामने आई है।
रूस का दावा है कि 28 और 29 दिसंबर की रात को मॉस्को के पश्चिम में स्थित नोवगोरोद क्षेत्र में पुतिन के आवास को निशाना बनाकर 91 लंबी दूरी के ड्रोन से हमला किया गया। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के अनुसार, रूसी वायु रक्षा प्रणाली ने सभी ड्रोन को मार गिराया। हालांकि यूक्रेन ने इन आरोपों को झूठा बताते हुए कहा है कि रूस इस तरह के दावे कर कीव पर हमलों के लिए माहौल तैयार करना चाहता है।
इस कथित हमले पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गहरी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि यह हमला बिल्कुल गलत समय पर हुआ है और उन्हें यह बिल्कुल पसंद नहीं आया। ट्रंप के मुताबिक, इस घटना की जानकारी खुद राष्ट्रपति पुतिन ने उन्हें दी थी, जिसके बाद वे काफी गुस्से में हैं।
ट्रंप ने कहा कि आक्रामक कार्रवाई और किसी के निजी आवास को निशाना बनाने में बड़ा फर्क होता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी नेता के घर पर हमला करना सही नहीं है, खासकर ऐसे समय में जब शांति समझौते की कोशिशें चल रही हों। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि यह संभव है कि हमले का दावा सही न हो और वास्तविकता कुछ और हो। विशेषज्ञों का मानना है कि इस कथित ड्रोन हमले ने रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर चल रही शांति पहल को झटका दिया है। आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि इस विवाद का कूटनीतिक प्रयासों पर क्या असर पड़ता है।




