Top NewsUttar Pradesh

अमरोहा की 11वीं की छात्रा की फास्ट फूड से बिगड़ी सेहत, दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान मौत

उत्तर प्रदेश के अमरोहा में फास्ट फूड का अत्यधिक सेवन एक 16 वर्षीय छात्रा की जान पर भारी पड़ गया। चाऊमीन, मैगी, पिज्जा और बर्गर जैसे फास्ट फूड के लगातार सेवन से छात्रा की आंतें गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गईं और उनमें कई जगह छेद हो गए। हालत बिगड़ने पर उसे दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक छात्रा अहाना अमरोहा नगर के मोहल्ला अफगानान निवासी किसान मंसूर खान की बेटी थी। वह हाशमी गर्ल्स इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा थी और परिवार की सबसे छोटी बेटी थी। परिवार में मां सारा खान, एक भाई और दो बहनें हैं। परिजनों के अनुसार अहाना को फास्ट फूड खाने की आदत थी और मना करने के बावजूद वह अक्सर इसका सेवन करती रहती थी।

सितंबर से उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और पेट में तेज दर्द रहने लगा। 30 नवंबर को परिजन उसे मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां जांच में सामने आया कि उसकी आंतें आपस में चिपक गई हैं और कई स्थानों पर छेद हो चुके हैं। डॉक्टरों ने आंतों की इस हालत का मुख्य कारण लंबे समय तक फास्ट फूड का सेवन बताया। ऑपरेशन के बाद करीब 10 दिन में उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, लेकिन उसकी सेहत में सुधार नहीं हुआ।

चार दिन पहले हालत फिर बिगड़ने पर परिजन उसे दिल्ली एम्स ले गए। इलाज के दौरान कुछ समय के लिए उसकी स्थिति में सुधार हुआ और वह चलने-फिरने लगी थी, लेकिन रविवार रात अचानक तबीयत बिगड़ गई और हार्ट फेल होने से उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि डॉक्टरों ने फास्ट फूड को ही आंतों के खराब होने की मुख्य वजह बताया है। होनहार छात्रा की असमय मौत से परिवार में शोक का माहौल है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH