नई दिल्ली: दिल्ली की सियासत में लंबे समय तक चर्चा का विषय रहा पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का सरकारी बंगला अब आम लोगों के लिए खोल दिया गया है। दिल्ली की बीजेपी सरकार ने 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित इस आवास को जनता के लिए खोलने का फैसला किया है। बंगले के बाहर ‘शीशमहल’ नाम का बोर्ड भी लगाया गया है। खास बात यह है कि बंगले के अंदर मौजूद फर्नीचर से लेकर सजावट के सामान तक की कीमतों का ब्योरा भी सार्वजनिक किया गया है।
दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, इस बंगले की कुल कीमत 58 करोड़ 83 लाख 66 हजार 314 रुपये बताई गई है। यहां रखे बेड, सोफा, टेबल, पर्दे और झूमर जैसी चीजों पर अलग-अलग कीमतों के टैग लगाए गए हैं। अब आम लोग इस बंगले को देखकर इसकी साज-सज्जा और खर्च से जुड़ी जानकारी भी हासिल कर सकेंगे।
डाइनिंग टेबल से लेकर झूमर तक, हर सामान की कीमत चर्चा में
बंगले के अंदर इस्तेमाल की गई महंगी चीजों की कीमतों ने सबका ध्यान खींचा है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, डाइनिंग टेबल और कुर्सियों की कीमत करीब 30.52 लाख रुपये बताई गई है। वहीं, घर में लगे पर्दों की कीमत 5 लाख रुपये और झूमर की कीमत लगभग 11 लाख रुपये बताई गई है।
इसके अलावा, बंगले के अलग-अलग हिस्सों पर हुए खर्च का भी ब्योरा सामने आया है।
- स्लाइडिंग दरवाजे वाली बैठक: 41.16 लाख रुपये
- पाउडर रूम: 5.80 लाख रुपये
- लॉबी एरिया: 7.58 लाख रुपये
- डंबवेटर लिफ्ट: 7 लाख रुपये
- डाइनिंग टेबल और कुर्सियां: 30.52 लाख रुपये
- पर्दे: 5 लाख रुपये
- झूमर: 11 लाख रुपये
किचन में सामान को एक मंजिल से दूसरी मंजिल तक पहुंचाने के लिए डंबवेटर लिफ्ट भी लगाई गई है। इसकी कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है।
20 रुपये हो सकती है एंट्री टिकट, बुजुर्गों और छात्रों को राहत
इस बंगले को देखने के लिए आम लोगों से मामूली प्रवेश शुल्क लेने की योजना है। जानकारी के मुताबिक, टिकट की कीमत करीब 20 रुपये रखी जा सकती है। वहीं, वरिष्ठ नागरिकों और कॉलेज के विद्यार्थियों को मुफ्त प्रवेश देने पर भी विचार किया जा रहा है। हालांकि, टिकट और मुफ्त प्रवेश से जुड़े नियमों की अंतिम आधिकारिक जानकारी अलग से स्पष्ट होना बाकी है। सरकार की योजना फिलहाल कुछ समय तक इस आवास को आम लोगों के लिए खुला रखने की है।
2015 से 2024 तक केजरीवाल का रहा था यह सरकारी आवास
गौरतलब है कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री रहते हुए साल 2015 से 2024 तक इसी बंगले में अपने परिवार के साथ रहे थे। मुख्यमंत्री आवास के नवीनीकरण और इसमें इस्तेमाल की गई महंगी सुविधाओं को लेकर उस समय भी काफी राजनीतिक विवाद हुआ था।बीजेपी ने इस आवास को लेकर लगातार सवाल उठाए थे और इसे ‘शीशमहल’ नाम दिया था। अब दिल्ली में सत्ता परिवर्तन के बाद बीजेपी सरकार ने इसे आम लोगों के लिए खोलने का फैसला किया है।
आगे निजी हॉस्पिटैलिटी कंपनी को सौंपने की तैयारी
दिल्ली सरकार की योजना इस बंगले को हमेशा के लिए सार्वजनिक पर्यटन स्थल बनाए रखने की नहीं है। बताया जा रहा है कि कुछ समय तक आम लोगों के लिए खुला रखने के बाद इसे एक निजी हॉस्पिटैलिटी कंपनी को सौंपने की तैयारी है। योजना के तहत कंपनी यहां सरकारी कॉन्फ्रेंस, लंच और आधिकारिक बैठकों जैसे कार्यक्रम आयोजित कर सकती है। इस तरह बंगले का इस्तेमाल सरकारी आयोजनों के लिए भी किया जा सकेगा। फिलहाल, केजरीवाल के पूर्व सरकारी आवास को जनता के लिए खोले जाने के बाद एक बार फिर दिल्ली की राजनीति में ‘शीशमहल’ का मुद्दा चर्चा में आ गया है।




