असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने एक बार फिर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। यह पहली बार नहीं है जब सीएम सरमा ने राहुल गांधी पर निशाना साधा हो। इससे पहले भी वे उनके खिलाफ विवादित बयान दे चुके हैं।
मीडिया से बातचीत के दौरान हिमंता ने कहा, “राहुल गांधी भारत के हितों के खिलाफ हैं। वे केवल बांग्लादेश और पाकिस्तान से आए मुसलमानों का प्रतिनिधित्व करते हैं। न तो वे भारतीय हिंदुओं के साथ हैं और न ही देश के मुसलमानों के। उनकी सोच पूरी तरह भारत विरोधी है।”
कांग्रेस नहीं करती असम की संस्कृति का सम्मान
मुख्यमंत्री सरमा ने कांग्रेस पार्टी और उसके शीर्ष नेताओं पर आरोप लगाया कि वे असम की सांस्कृतिक विरासत का सम्मान नहीं करते। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी जैसे नेता न तो कामाख्या मंदिर का महत्व समझते हैं और न ही संत शंकरदेव जैसे महापुरुषों की भूमिका का सम्मान करते हैं।
“राहुल जहां जाते हैं, वहां कांग्रेस खत्म हो जाती है”
2024 में भी सीएम सरमा ने राहुल गांधी को भाजपा के लिए “स्टार प्रचारक” बताया था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा था, “राहुल गांधी जहां भी जाते हैं, वहां कांग्रेस की हालत और बिगड़ जाती है। उनका नेतृत्व कमजोर और घमंडी है। उनके कदम भाजपा के लिए शुभ साबित होते हैं।”
हिमंता ने यह भी कहा कि कांग्रेस हर चुनाव में राहुल गांधी को एक नए अवतार में लॉन्च करने की कोशिश करती है, लेकिन हर बार असफल रहती है। फिर से कोशिश होती है, पर नतीजा वही रहता है।




