NationalTop News

छत्तीसगढ़ में BJP सांसद लक्ष्मी वर्मा की कार का एक्सीडेंट, हाथ में फ्रैक्चर के बाद रायपुर एम्स में भर्ती

रायपुर: छत्तीसगढ़ से भारतीय जनता पार्टी (BJP) की राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा शुक्रवार देर शाम सड़क हादसे में घायल हो गईं. उनकी कार की खरोरा थाना क्षेत्र के बंगोली के पास सामने से आ रही दूसरी कार से टक्कर हो गई. हादसे में सांसद के दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हुआ है. उन्हें इलाज के लिए रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है.

बलौदाबाजार से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, लक्ष्मी वर्मा बलौदाबाजार जिले में एक कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं. कार्यक्रम खत्म होने के बाद वह अपने बेटे, गनमैन और ड्राइवर के साथ कार से रायपुर लौट रही थीं. इसी दौरान खरोरा थाना क्षेत्र के बंगोली के पास उनकी गाड़ी सामने से आ रही एक अन्य कार से टकरा गई. टक्कर के बाद सांसद लक्ष्मी वर्मा समेत कार में सवार अन्य लोगों को चोटें आईं. हादसे में उनके ड्राइवर को भी चोट लगी है. दूसरी कार में सवार तीन लोगों के घायल होने की जानकारी भी सामने आई है.

दाहिने हाथ में हुआ फ्रैक्चर

हादसे के बाद लक्ष्मी वर्मा को उपचार के लिए रायपुर एम्स ले जाया गया. एम्स के जनसंपर्क अधिकारी के मुताबिक, सांसद के दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हुआ है और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है. वहीं, उनके वाहन चालक को भी चोटें आई हैं.

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताई चिंता

सड़क हादसे की जानकारी मिलने के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सांसद लक्ष्मी वर्मा के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि राज्यसभा सांसद के सड़क दुर्घटना में घायल होने का समाचार मिला है. प्रभु श्रीराम से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं. वहीं, कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी हादसे पर चिंता जताते हुए लक्ष्मी वर्मा और अन्य घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलने के बाद खरोरा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस दुर्घटना के कारणों और दोनों वाहनों की टक्कर से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है.

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH