पुणे। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया है कि उनकी मां एक गंभीर सड़क घटना में बुरी तरह घायल हो गई हैं। परिवार का आरोप है कि यह कोई सामान्य हादसा नहीं, बल्कि जानबूझकर किया गया हमला है। फिलहाल उनकी मां की हालत गंभीर बताई जा रही है और जल्द सर्जरी की तैयारी की जा रही है।
शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि कुछ घंटे पहले एक व्यक्ति ने उनकी मां पर जानबूझकर कार चढ़ा दी और मौके से फरार हो गया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में वे सभी से अपनी मां के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करने की अपील करते हैं। शहजाद ने भावुक शब्दों में लिखा कि उनकी मां बेहद दयालु और नेक दिल इंसान हैं और इस उम्र में उनके साथ ऐसी घटना बेहद पीड़ादायक है।
इस मामले को लेकर उनके भाई तहसीन पूनावाला ने भी एक्स पर विस्तृत जानकारी साझा की। तहसीन के अनुसार उनकी मां एक सीनियर सिटिजन हैं और अपने ड्राइवर तथा एग्जीक्यूटिव असिस्टेंट के साथ बाहर गई थीं। जब पेट्रोल पंप पर कार में ईंधन भरवाया जा रहा था और उनकी मां साइड में खड़ी थीं, तभी एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। परिवार का दावा है कि यह टक्कर जानबूझकर मारी गई, जिसके बाद आरोपी वाहन समेत फरार हो गया।
तहसीन पूनावाला ने घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया है। दोनों भाइयों ने पुणे पुलिस को टैग करते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। इसके बाद पुणे सिटी पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, परिवार की ओर से शिकायत दर्ज करा दी गई है और आरोपी की कार का नंबर भी उपलब्ध कराया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश जारी है।




