RegionalTop News

सागर में मंदिर के पास धमाका, प्रसाद की दुकान में फटा संदिग्ध डिब्बा, 11 साल की बच्ची गंभीर

मध्य प्रदेश के सागर जिले में नवरात्रि से ठीक पहले बड़ा हादसा हो गया। सुरखी थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बूढ़ी रानगिर माता मंदिर के पास बुधवार देर शाम एक जोरदार धमाका हुआ, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। यह विस्फोट मंदिर से करीब 50 मीटर दूर एक प्रसाद की दुकान में हुआ, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घायलों में 11 साल की एक बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है।

घटना में दुकान संचालक 60 वर्षीय राधेश्याम रैकवार, उनकी पत्नी 55 वर्षीय अशोक रानी और उनकी नातिन झुलस गए। सभी को पहले सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां से बच्ची को बेहतर इलाज के लिए भोपाल भेजा गया।

पुलिस के मुताबिक, एक अज्ञात व्यक्ति दुकान पर साउंड बॉक्स जैसा दिखने वाला एक संदिग्ध डिब्बा छोड़कर चला गया था। काफी देर तक कोई उसे लेने नहीं आया तो दुकानदार ने उसे दुकान के कोने में रख दिया। इसी दौरान उनकी नातिन ने डिब्बे को चालू करने की कोशिश की, तभी जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज 2 से 3 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।

सागर के एएसपी लोकेश कुमार सिन्हा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्पीकर या मोबाइल डिवाइस को कनेक्ट करते समय विस्फोट हुआ। घायलों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH