अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में लापता भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया का शव बरामद हुआ है। सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस दुखद घटना की पुष्टि करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है। 22 वर्षीय साकेत कर्नाटक के रहने वाले थे और यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले में पोस्ट ग्रेजुएट की पढ़ाई कर रहे थे। वह मंगलवार से लापता थे।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, साकेत का बैकपैक पार्क हिल्स इलाके में एक घर के दरवाजे पर मिला था। बैग में उनका पासपोर्ट और लैपटॉप मौजूद था। पुलिस के मुताबिक, उन्हें आखिरी बार ड्वाइट वे के 1700 ब्लॉक क्षेत्र में देखा गया था। उनकी गुमशुदगी के बाद पुलिस ने उन्हें जोखिम की श्रेणी में रखते हुए व्यापक स्तर पर तलाश अभियान चलाया। लेक अंजा और टिल्डेन रीजनल पार्क के आसपास भी सघन खोज की गई।
सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि स्थानीय पुलिस ने साकेत श्रीनिवासैया के शव की बरामदगी की पुष्टि की है। दूतावास ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। दूतावास के अधिकारियों ने बताया कि वे परिवार के संपर्क में हैं और पार्थिव शरीर को भारत लाने सहित सभी आवश्यक औपचारिकताओं में सहयोग किया जाएगा। साकेत श्रीनिवासैया यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले के केमिकल एंड बायोमॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग विभाग में मास्टर्स कर रहे थे। उन्होंने वर्ष 2025 में आईआईटी मद्रास से बीटेक की पढ़ाई पूरी की थी। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।




