NationalTop News

दिल्ली विधानसभा और स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक बार फिर दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इस बार धमकी सिर्फ विधानसभा भवन तक सीमित नहीं रही, बल्कि विधानसभा मेट्रो स्टेशन और विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को भी निशाना बनाया गया है।

जानकारी के मुताबिक, यह धमकी भरा ईमेल विधानसभा की आधिकारिक मेल आईडी और स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को भेजा गया। ईमेल में देश के कई बड़े नेताओं के नाम भी शामिल किए गए हैं, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर शामिल हैं। इसके अलावा दिल्ली से जुड़े कुछ अन्य नामों का भी जिक्र किया गया है।

धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्निफर डॉग स्क्वाड को मौके पर तैनात किया गया। पूरे विधानसभा परिसर और आसपास के इलाकों की सघन तलाशी ली गई। साथ ही विधानसभा मेट्रो स्टेशन की भी जांच की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब तक की जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। बम निरोधक दस्ता (BDTs) और सुरक्षा टीमों ने पूरे इलाके को सुरक्षित घोषित किया है, हालांकि एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

इस मामले पर भाजपा विधायक अनिल गोयल ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह एक झूठी धमकी साबित हुई है और फिलहाल सब कुछ सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि विधानसभा की कार्यवाही सामान्य रूप से जारी रहेगी। फिलहाल पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान करने और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH