नई दिल्ली। भारत के दिग्गज बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। ‘टीम इंडिया की नई दीवार’ के नाम से मशहूर पुजारा ने रविवार, 24 अगस्त को सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट साझा करते हुए अपने रिटायरमेंट का ऐलान किया।
सौराष्ट्र के इस बल्लेबाज ने लिखा –“भारतीय जर्सी पहनना, राष्ट्रगान गाना और हर बार मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ देना… इसका असली अहसास शब्दों में बयां करना असंभव है। लेकिन जैसा कहा जाता है, हर अच्छी चीज का एक अंत होता है। अपार कृतज्ञता के साथ मैंने भारतीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने का फैसला किया है। आप सभी के प्यार और समर्थन के लिए दिल से धन्यवाद।”
36 वर्षीय पुजारा का आखिरी टेस्ट मैच साल 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल था, जिसमें भारत को हार का सामना करना पड़ा था। उस मुकाबले के बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया।
पुजारा ने 2010 में टीम इंडिया के लिए डेब्यू किया था। अपने करियर में उन्होंने 103 टेस्ट मैच खेले और 43.60 की औसत से 7195 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 19 शतक और 35 अर्धशतक निकले। हालांकि वनडे क्रिकेट में उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले और उन्होंने सिर्फ 5 ODI मुकाबले खेले।




