उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली से पहले प्रदेशवासियों को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 1.86 करोड़ लाभार्थियों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी देने के लिए 1500 करोड़ रुपये की राशि जारी की। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने इस धनराशि का वितरण किया और प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं भी दीं।
1.86 करोड़ उज्ज्वला परिवारों को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पहली बार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं को शासन की लोककल्याणकारी योजनाओं से व्यापक रूप से जोड़ा गया है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के 1.86 करोड़ उज्ज्वला परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी देने के लिए 1500 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि होली से पहले मिला यह उपहार सभी लाभार्थियों के लिए खुशी का अवसर है।
दीपावली और होली पर एक-एक सिलेंडर मुफ्त
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत केंद्र सरकार साल में नौ सिलेंडर सब्सिडी दर पर उपलब्ध कराती है। प्रत्येक सिलेंडर पर 335.40 रुपये की सब्सिडी सीधे लाभार्थियों के खाते में भेजी जाती है। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि दीपावली और होली से पहले हर उज्ज्वला परिवार को एक-एक सिलेंडर मुफ्त उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे गरीब परिवारों को सम्मानजनक रूप से अपनी ऊर्जा जरूरतें पूरी करने में मदद मिल रही है।
निवेश से प्रदेश को मिलेगा व्यापक लाभ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बढ़ते निवेश का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जर्मनी, जापान और सिंगापुर सहित कई देशों से निवेश उत्तर प्रदेश में आ रहा है, जिसका सीधा लाभ राज्य और युवाओं को मिलेगा। उन्होंने बताया कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य हाल ही में जर्मनी से लौटे हैं, जहां उन्होंने निवेश की संभावनाओं और रक्षा विनिर्माण गलियारे का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की ओर कोई निवेशक गंभीरता से नहीं देखता था, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है और दुनिया के बड़े निवेशक प्रदेश में आना चाहते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि विदेशी निवेश किसी एक व्यक्ति या परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे राज्य के विकास और युवाओं के रोजगार सृजन के लिए है।




