उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। दिल्ली–एनसीआर, उत्तर प्रदेश और बिहार में कड़ाके की ठंड ने लोगों को कंपा दिया है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, राजधानी दिल्ली में बारिश की संभावना फिलहाल नहीं है, लेकिन तापमान आने वाले दिनों में और तेजी से नीचे जा सकता है। आज भी कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सिंगल डिजिट में दर्ज किया गया। उत्तराखंड में बर्फबारी के संकेतों के साथ मौसम और सख्त होने की चेतावनी दी गई है।
यूपी में कोहरे और ठंड का कहर
उत्तर प्रदेश के कानपुर, आगरा, इटावा समेत कई जिलों में दिसंबर की शुरुआत से ही कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। सुबह और रात के समय घने कोहरे और तीखी ठंड ने जनजीवन को प्रभावित किया है। IMD ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगले कुछ दिनों में शीतलहर और अधिक तीव्र हो सकती है।
बिहार में ठंड ने तोड़े रिकॉर्ड
बिहार में ठंड ने शुरूआत में ही रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। राज्य के 23 जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है, जिनमें पश्चिमी–पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और जमुई शामिल हैं। कई इलाकों में विजिबिलिटी घटकर सिर्फ 500 मीटर रह गई है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि तापमान और नीचे जाएगा।
दिल्ली–NCR में तापमान में तेजी से गिरावट
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9.6°C दर्ज किया गया। IMD के अनुसार 3 दिसंबर दिल्ली के लिए सबसे ठंडा दिन हो सकता है, जब तापमान 7°C तक गिर सकता है।गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा में भी रात का तापमान 9°C के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि नोएडा का न्यूनतम तापमान 10°C रहने की संभावना है।आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 24–26°C और न्यूनतम तापमान और भी नीचे जाने के आसार हैं।
5 दिसंबर को दिल्ली में येलो अलर्ट
IMD ने 5 दिसंबर के लिए दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है। उस दिन सुबह घना कोहरा पड़ेगा और कई जगह शीतलहर की शुरुआत होगी। विजिबिलिटी कम होने और ठंड बढ़ने के चलते लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
पहाड़ों में बर्फबारी के संकेत
दिसंबर के पहले सप्ताह में पहाड़ी राज्यों में ठंड पूरी तरह दस्तक दे चुकी है। उत्तराखंड में मौसम सैलानियों के लिए आकर्षक बना हुआ है, लेकिन स्थानीय लोग सूखी ठंड से परेशान हैं।
IMD ने 4 दिसंबर से कुछ पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है। उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश भी हो सकती है।
ऊंचाई वाले इलाकों में पाला जमने के आसार
3 दिसंबर की सुबह उत्तराखंड में ठंड का असर और बढ़ेगा।देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और हल्द्वानी में न्यूनतम तापमान 5–8°C रहेगा।
मसूरी, नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में सुबह का तापमान 1–4°C तक पहुंच सकता है।ऊंचाई वाले इलाकों में पाला जमने की भी आशंका व्यक्त की गई है। उत्तर भारत में आने वाले दिनों में ठंड का प्रकोप और बढ़ सकता है, ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।




