National

दिल्ली और बॉम्बे हाईकोर्ट को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की मिली धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर

नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट और बॉम्बे हाईकोर्ट को शुक्रवार को ईमेल के जरिए बम धमाके की धमकी मिली। संदेश में दावा किया गया कि कोर्ट परिसर में बम रखे गए हैं। जानकारी मिलते ही दोनों शहरों की पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं।

दिल्ली हाईकोर्ट में सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ईमेल आया कि परिसर में तीन बम लगाए गए हैं। उस वक्त कई जज कार्यवाही शुरू करने वाले थे। तुरंत ही सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया और पूरी बिल्डिंग खाली कराई गई। बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड ने कई घंटों तक तलाशी की, लेकिन कोई विस्फोटक बरामद नहीं हुआ।

इसी तरह, बॉम्बे हाईकोर्ट को भी ईमेल से धमकी भेजी गई। मुंबई पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और तलाशी अभियान चलाया, लेकिन वहां भी बम होने की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस और साइबर सेल अब ईमेल आईडी और आईपी एड्रेस ट्रेस करने में जुटी हैं ताकि धमकी भेजने वाले का पता लगाया जा सके। शुरुआती जांच से स्पष्ट है कि यह धमकी सिर्फ ईमेल तक सीमित थी।

गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में देशभर में स्कूलों और अन्य संस्थानों को भी इस तरह की झूठी धमकियां मिल चुकी हैं। हर बार जांच में इन्हें फर्जी पाया गया है। सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की हरकतों का उद्देश्य केवल डर और अफरातफरी फैलाना है।

दिल्ली और मुंबई पुलिस ने कहा है कि चाहे धमकी वास्तविक हो या फर्जी, सुरक्षा के मामले में कोई लापरवाही नहीं बरती जाएगी। जांच एजेंसियां यह भी देख रही हैं कि क्या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है। फिलहाल दोनों हाईकोर्ट परिसरों की सुरक्षा और बढ़ा दी गई है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH