NationalTop News

होली से पहले दिल्ली सरकार का बड़ा ऐलान: लाडली योजना में 100 करोड़ ट्रांसफर, पिंक कार्ड और फ्री सिलेंडर की सौगात

होली से पहले दिल्लीवासियों, खासकर महिलाओं और बेटियों के लिए दिल्ली सरकार ने कई बड़ी योजनाओं का शुभारंभ किया है। राजधानी के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में द्रौपदी मुर्मू के हाथों चार अहम योजनाओं की शुरुआत की गई। इन योजनाओं के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता, मुफ्त यात्रा और फ्री गैस सिलेंडर जैसी सुविधाएं दी जाएंगी।

लाडली योजना के तहत बड़ी राशि ट्रांसफर

दिल्ली सरकार की लाडली योजना के अंतर्गत 40 हजार से अधिक लाभार्थियों के खातों में करीब 100 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जा रहे हैं। यह योजना पहले शीला दीक्षित के कार्यकाल में शुरू की गई थी। इसके तहत पंजीकृत बालिकाओं को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाती थी। अब ‘मेरी पूंजी मेरा अधिकार’ पहल के तहत लंबित लाभार्थियों को राशि प्रदान की जा रही है। जानकारी के अनुसार 31 मार्च 2026 को लाडली योजना समाप्त हो जाएगी।

महिलाओं के लिए पिंक कार्ड

महिलाओं को दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने के लिए सरकार आज से पिंक कार्ड जारी कर रही है। इस कार्ड के माध्यम से महिलाओं को सार्वजनिक बसों में निःशुल्क सफर का लाभ मिलेगा।

फ्री सिलेंडर का वादा पूरा

होली और दीपावली पर मुफ्त गैस सिलेंडर देने के चुनावी वादे को भी आज अमलीजामा पहनाया जा रहा है। इस योजना के तहत 17.5 लाख लाभार्थियों के खातों में लगभग 129 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे, जिससे त्योहारों के दौरान रसोई खर्च में राहत मिल सके।

लखपति बिटिया योजना की शुरुआत

इसके साथ ही ‘लखपति बिटिया योजना’ की भी शुरुआत की गई है। इस नई योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) की बेटियों को जन्म से लेकर स्नातक तक अलग-अलग चरणों में कुल एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। 1 अप्रैल 2026 से यह योजना प्रभावी हो जाएगी और लाडली योजना की जगह लेगी। सरकार का कहना है कि इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं और बेटियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और त्योहारों से पहले उन्हें राहत प्रदान करना है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH