नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को एक बार फिर कोहरा और धुंध ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राजधानी दिल्ली और नोएडा में फॉग और स्मॉग की मोटी चादर छाई हुई है, जिससे ठंड में इजाफा हुआ है और दृश्यता घटकर 20 मीटर से भी नीचे पहुंच गई है।
प्रदूषण के मोर्चे पर भी हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 437 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद गंभीर’ श्रेणी में आता है। दिल्ली का औसत AQI 347 रिकॉर्ड किया गया है। वहीं नोएडा में AQI 482 और ग्रेटर नोएडा में 217 दर्ज किया गया।
राजधानी के कई इलाके रेड जोन में
दिल्ली के अधिकांश इलाके 300 से 450 के बीच AQI के साथ रेड जोन में बने हुए हैं। ओखला में AQI 241, आईजीआई एयरपोर्ट पर 382, आईटीओ चौक पर 398, चांदनी चौक पर 443, पटेल नगर में 228, हिंडन एयरपोर्ट पर 384, लाजपत नगर में 337, करोलबाग में 275, अशोक नगर में 349, मुखर्जी नगर में 216, राजौरी गार्डन में 421 और पहाड़गंज में 384 दर्ज किया गया।
हालात को देखते हुए दिल्ली सरकार ने ‘नो पीयूसी, नो फ्यूल’ नियम के साथ ग्रैप-4 लागू कर रखा है।
कोहरे को लेकर एअर इंडिया की एडवाइजरी
घने कोहरे के चलते उड़ानों के संचालन पर असर पड़ने की आशंका को देखते हुए एअर इंडिया ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने कहा है कि अगले कुछ दिनों तक दिल्ली और उत्तर भारत के कई हवाई अड्डों से उड़ानों में देरी या रद्द होने की स्थिति बन सकती है। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति वेबसाइट पर जांच लें।
एयर इंडिया ने बताया कि कोहरे के कारण उड़ानें प्रभावित होने की स्थिति में ग्राउंड स्टाफ यात्रियों की सहायता और वैकल्पिक व्यवस्था के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहेगा। ‘फॉगकेयर’ पहल के तहत यात्रियों को उड़ानों से जुड़ी अग्रिम जानकारी उनके मोबाइल नंबरों पर भेजी जाएगी। बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के टिकट री-शेड्यूल या बिना जुर्माने के रिफंड की सुविधा भी दी जाएगी।
मौसम का हाल
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 19 दिसंबर से पश्चिमी हिमालय को प्रभावित करने वाला पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। दिल्ली में फिलहाल घना कोहरा बना रहेगा और आने वाले दिनों में भी मौसम इसी तरह रहने की संभावना है। IMD ने 23 दिसंबर तक धुंध और कोहरे के कारण ठंड बढ़ने का अनुमान जताया है।
बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन कोहरे के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। बीते दिन राजधानी में अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आने वाले दिनों में धुंध बढ़ने के साथ ठंड और बढ़ने की संभावना है।




