EntertainmentTop News

शाहरुख खान के 60वें जन्मदिन पर ‘मन्नत’ के बाहर जुटे फैंस, लेकिन नहीं दिखे किंग खान

बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान आज अपना 60वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनके जन्मदिन का जश्न हर साल की तरह इस बार भी उनके करोड़ों प्रशंसकों के लिए किसी त्योहार से कम नहीं रहा, लेकिन इस बार फैंस को थोड़ी मायूसी भी झेलनी पड़ी।

मुंबई के बांद्रा स्थित शाहरुख के घर ‘मन्नत’ के बाहर सुबह से ही फैंस की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर कोई अपने पसंदीदा सुपरस्टार की एक झलक पाने के लिए घंटों इंतजार करता रहा, लेकिन इस बार शाहरुख खान बालकनी में नजर नहीं आए। बताया जा रहा है कि ‘मन्नत’ में इस समय कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा है, जिसके चलते शाहरुख ने इस साल अपना जन्मदिन अलीबाग स्थित अपने फार्महाउस पर परिवार के साथ मनाया।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मुंबई पुलिस ने सख्ती बरती। सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने फैंस को ‘मन्नत’ के गेट के पास खड़े रहने की अनुमति नहीं दी। जैसे ही भीड़ बढ़ी, पुलिस ने लोगों को वहां से हटाना शुरू कर दिया। इसके बावजूद फैंस का उत्साह कम नहीं हुआ। वे सड़कों पर नाचते-गाते नजर आए और ‘हैप्पी बर्थडे शाहरुख’ और ‘बार-बार दिन ये आए’ जैसे गीतों से माहौल को फिल्मी रंग दे दिया।

दिल्ली से मुंबई तक का शाहरुख खान का सफर किसी प्रेरणा से कम नहीं रहा। उन्होंने टीवी सीरियल ‘सर्कस’ से अभिनय की शुरुआत की और 1992 में फिल्म ‘दीवाना’ से बॉलीवुड में कदम रखा। ‘डर’ और ‘बाज़ीगर’ जैसे नकारात्मक किरदारों से लेकर ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’, ‘दिल तो पागल है’ और ‘करण अर्जुन’ जैसी सुपरहिट रोमांटिक फिल्मों तक, शाहरुख ने अपनी हर भूमिका से दर्शकों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ी।

हाल के वर्षों में ‘पठान’ और ‘जवान’ जैसी फिल्मों से उन्होंने साबित कर दिया कि उनकी स्टार पावर आज भी बरकरार है। 60 साल की उम्र में भी शाहरुख खान देश और विदेश में करोड़ों प्रशंसकों के दिलों पर राज कर रहे हैं। उनके इस खास दिन पर फैंस और फिल्म जगत की ओर से उन्हें ढेरों शुभकामनाएं दी जा रही हैं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH