SportsTop News

पूर्व भारतीय क्रिकेटर की सड़क हादसे में मौत, इरफान पठान और अंबाती रायडू के साथ ड्रेसिंग रूम किया था शेयर

नई दिल्ली। पूर्व भारतीय ऑलराउंडर राजेश बानिक का सड़क हादसे में निधन हो गया है। वे 40 वर्ष के थे और पश्चिम त्रिपुरा के आनंदनगर में हुए इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल अगरतला के जीबीपी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

राजेश बानिक ने भारत की अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व किया था और इरफान पठान व अंबाती रायडू जैसे खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया था। उनके निधन से क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

त्रिपुरा क्रिकेट संघ ने जताया शोक

त्रिपुरा क्रिकेट एसोसिएशन (TCA) के सचिव सुब्रता डे ने बानिक के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमने एक प्रतिभाशाली क्रिकेटर और अंडर-16 टीम के चयनकर्ता को खो दिया। वे इस प्रदेश के बेहतरीन ऑलराउंडर्स में से एक थे और युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा को पहचानने की अद्भुत क्षमता रखते थे।”

शानदार घरेलू करियर

राजेश बानिक ने 2002-03 रणजी सीजन में त्रिपुरा की ओर से डेब्यू किया था। उन्होंने 42 फर्स्ट-क्लास मैचों में 1469 रन बनाए, जिसमें 6 अर्धशतक शामिल थे। उनका बल्लेबाजी औसत 19.32 रहा। वे साल 2000 के वर्ल्ड चैलेंज टूर्नामेंट में भारत की अंडर-15 टीम का हिस्सा थे और बाद में अंडर-19 विश्व कप में भी देश का प्रतिनिधित्व किया। राजेश बानिक के निधन से त्रिपुरा क्रिकेट और भारतीय क्रिकेट समुदाय ने एक कुशल खिलाड़ी और प्रेरक व्यक्तित्व को खो दिया है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH